अग्निवीर की नौकरी अब छह साल की होगी

नई दिल्ली। अग्निवीर सैनिकों के पहले बैच के रिटायर होने से ठीक पहले उनकी नौकरी दो साल बढ़ाने का फैसला किया गया है। अब अग्निवीर चार की बजाय छह साल तक सेना में नौकरी कर सकेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर सैनिकों को दो साल का सेवा विस्तार दिया जा रहा है।

इस सेवा विस्तार का फायदा उन 75 फीसदी अग्निवीरों को मिलेगा, जिन्हें चार साल बाद सेवा छोड़नी पड़ती थी। अभी हर बैच के 25 फीसदी अग्निवीरों को चार साल बाद मेरिट के आधार पर नियमित सेना में शामिल किया जाता है। बाकी 75 फीसदी को सेवा से बाहर होना पड़ता है। नए नियम में 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित करने का पुराना नियम जारी रहेगा। बाकी 75 फीसदी को उनकी सहमति से दो साल और नौकरी करने का मौका मिलेगा। इस दौरान उन्हें बढ़ी हुई सैलरी और भत्ते भी मिलेंगे। छह साल बाद भी सेना में नौकरी करने के इच्छुक अग्निवीरों को चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

फिलहाल तीनों सेनाओं में करीब 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं। इस साल 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। पहले बैच में 24,400 अग्निवीरों की भर्ती हुई थी। उनमें से 75 फीसदी 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले थे। नई व्यवस्था के तहत अब इन्हें दो साल का अतिरिक्त समय मिलेगा। यह सेवा विस्तार अग्निवीरों की सहमति से होगा। पिछले महीने एयरफोर्स ने अपने पहले अग्निवीर बैच के 2,850 में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था।