Lenskart Q2 Profit: सितंबर तिमाही में लेंसकार्ट का प्रॉफिट दोगुना हुआ, रेवेन्यू भी 36% बढ़ा

लेंसकार्ट ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। इस दौरान कंपनी ने साल दर साल आधार पर दोगुना प्रॉफिट कमाया है। कंपनी ने सितंबर तिमाही में 232.5 करोड़ रुपये का प्रॉफिट कमाया। एक साल पहले की समान अवधि में प्रॉफिट 103.5 करोड़ रुपये था। यह साल दर साल आधार पर प्रॉफिट में 125 फीसदी का उछाल है। सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू भी 36 फीसदी बढ़ा। EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ।

सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 36 फीसदी बढ़ा

इस वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 228.4 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में साल दर साल आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 36 फीसदी बढ़कर 2,845 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 2,096 करोड़ रुपये था। तिमाही दर तिमाही आधार पर भी कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून तिमाही में कंपनी ने ₹2,714.2 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था।

एबिड्टा बढ़कर 392 करोड़ रुपये 

कंपनी के EBITDA (Pre-Ind AS 116) में सालाना आधार पर 65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। सितंबर तिमाही में यह बढ़कर 392 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹237 करोड़ था। कंपनी के EBITDA मार्जिन में भी इम्प्रूवमेंट देखने को मिला। यह एक साल पहले के 11.1 फीसदी से बढ़कर सितंबर तिमाही में 13.8 फीसदी हो गया। इससे पता चलता है कि कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन में भी मजबूती आई है।

सितंबर तिमाही में कुल खर्च 31% बढ़ा

Lenskart का कुल खर्च सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 2,596.8 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,980.3 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 2,483.5 करोड़ रुपये था।

रिमोट ऑप्टोमेट्री की सुविधा शुरू

Lenskart के चेयरमैन पीयूष बंसल ने कहा कि दुनिया की बड़ी आबादी को अब भी आंखों की सही जांच और नजर सुधारने की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसका असर लोगों की शिक्षा और विकास के अवसरों पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कंपनी ने रिमोट ऑप्टोमेट्री की सुविधा विकसित की है। फिलहाल कंपनी के 934 स्टोर्स में यह सुविधा उपलब्ध है।

मुंबई में Lenskart Evolv की शुरुआत

बंसल के मुताबिक, कंपनी का लक्ष्य ऐसा ब्रांड तैयार करना है, जो पहली बार चश्मा खरीदने वाले ग्राहकों से लेकर प्रीमियम आईवियर चाहने वालों तक की जरूरतें पूरी कर सकें। उन्होंने मुंबई के वर्ली में कंपनी के नए कॉन्सेप्ट स्टोर Lenskart Evolv का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, यह स्टोर कंपनी के नए बिजनेस मॉडल और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित करता है।

बीते एक साल में 58 फीसदी चढ़ा है शेयर 

लेंसकार्ट ने शेयर बाजार बंद होने के बाद सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर 5 नवंबर यानी गुरुवार को दिखेगा। 4 नवंबर को कंपनी का शेयर 3.38 फीसदी चढ़कर 693.75 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक साल में लेंसकार्ट का शेयर 58 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।