IND vs NZ: भुवी के करियर का आखिरी चैप्टर था न्यूजीलैंड दौरा? इस दिग्गज क्रिकेटर ने कही ये बात

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैंचों की टी20 सीरीज को भारत ने 3-2 से अपने नाम किया है। वहीं इस मुकाबले में चार साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी हुई थी। इस सीरीज में खेले 4 मुकाबले में 36 वर्षीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने पूरी सीरीज में 16 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन इस दौरान उन्हें केवल एक विकेट मिला। भुवनेश्वर ने चार पारियों में 11.25 की इकॉनमी से 180 रन खर्च कर दिए। वहीं अब भारतीय टीम द‍िसंबर में घरेलू धरती पर श्रीलंका से भिड़ेगी। वहीं इस मुकाबले से पहले रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर की टीम में वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है।

अश्विन के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी मुश्किल है। उनके मुताबिक, भुवनेश्वर IPL के फॉर्म को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं दोहरा पाए और उम्र को देखते हुए उनका करियर खत्म हो सकता है।

खत्म हो गया भुवी का करियर?

रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की और वह अपना फॉर्म भी साबित नहीं कर पाए। IPL और यहां के प्रदर्शन में जमीन-आसमान का अंतर था। इसलिए मुझे लगता है कि अब उनके करियर का यह अध्याय शायद खत्म हो गया है। उनके लिए वापसी करना काफी मुश्किल होगा। आखिर वह टीम में वापसी कैसे करेंगे?” जब अश्विन से पूछा गया कि क्या भुवनेश्वर कुमार को और मौके मिलने चाहिए, तो उन्होंने कहा कि गेंदबाज की मौजूदा लय देखकर चयनकर्ताओं को उन पर भरोसा नहीं होगा।

पूरी तैयारी के साथ नहीं आए थे

अश्विन ने कहा, “अगर आप नए खिलाड़ी हैं या युवा हैं, तो आपको 10 मौके मिल सकते हैं। लेकिन जब आप एक अनुभवी खिलाड़ी के तौर पर टीम में वापसी करते हैं, तो उम्मीदें अलग होती हैं। निराशा की बात सिर्फ उनका प्रदर्शन या अतिरिक्त रन देना नहीं था। मुझे लगा कि IPL के दौरान उनकी गेंदबाजी में जो तेजी और जोश दिखता है, वह यहां नजर नहीं आया। उनकी रन-अप की रफ्तार के साथ-साथ गेंदबाजी की गति भी कम थी। इससे ऐसा लगा कि वह इस सीरीज के लिए पूरी तैयारी के साथ नहीं आए थे। अगर उनका यही हाल है, तो चयनकर्ता भी सोचेंगे कि क्या उन्हें इसी तरह मौका देना सही होगा?”

अश्विन ने की शमी की तारीफ

अश्विन ने अपनी बातचीत में मोहम्मद शमी के प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शमी रणजी ट्रॉफी में जिस लय के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं, वह काफी बेहतर नजर आ रही है। शमी ने रणजी ट्रॉफी में अब तक 12 विकेट अपने नाम किए हैं। इनमें से दो विकेट उन्होंने सोमवार (2 नवंबर) को महाराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी करके हासिल किए।

आईपीएल में भुवी का प्रदर्शन

भुवनेश्वर कुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए पिछले दो IPL सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 45 विकेट हासिल किए थे। इनमें से ज्यादातर विकेट उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में लिए थे। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में वापसी का मौका मिला, लेकिन न्यूजीलैंड दौरे पर वह अपनी IPL वाली लय बरकरार नहीं रख सके। वहां उनकी गेंदों में वैसी तेजी और धार नजर नहीं आई, जिससे बल्लेबाजों को परेशानी होती। नतीजतन, उन्होंने चार पारियों में 11.25 की इकॉनमी से 180 रन खर्च कर दिए।