Zee Entertainment: शेयर में दिखी 6% तक की गिरावट, Q2 में मुनाफा गिरने के बाद जमकर बिकवाली

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के शेयरों में 2 नवंबर को गिरावट है। BSE पर दिन में शेयर पिछले बंद भाव से 6 प्रतिशत तक गिरा और 52 सप्ताह का नया निचला स्तर 62.22 रुपये क्रिएट किया। कंपनी का मुनाफा गिरने से शेयर में बिकवाली का दबाव है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 37.5 प्रतिशत घटकर 47.8 करोड़ रुपये रह गया। इसका मुख्य कारण विज्ञापन और प्रचार पर अधिक खर्च होना और विज्ञापन से रेवेन्यू पर पड़ा असर है।

एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 76.5 करोड़ रुपये था। कुल कंसोलिडेटेड आय 12.6 प्रतिशत बढ़कर 2,247.2 करोड़ रुपये हो गई, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,995.6 करोड़ रुपये थी। यह ग्रोथ डिजिटल बिजनेस के कारण रही। कुल खर्च एक साल पहले के मुकाबले 16.15 प्रतिशत बढ़कर 2,184.1 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,880.3 करोड़ रुपये के थे। फीफा 2026 के कारण विज्ञापन और प्रचार पर अधिक खर्च और अन्य पहलों में निवेश के चलते कुल खर्च में बढ़ोतरी हुई है।

ZEEL की फीफा के साथ 8 साल (2026 से 2034 तक) की मीडिया राइट्स पार्टनरशिप है। इसके तहत, कंपनी के पास भारत और उपमहाद्वीप में फीफा के 39 प्रमुख इवेंट्स के लिए एक्सक्लूसिव टेलीविजन और डिजिटल प्रसारण अधिकार हैं।

विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन से कितना रेवेन्यू हासिल

सितंबर 2026 तिमाही में ZEEL का विज्ञापन से होने वाला रेवेन्यू मामूली रूप से 0.4 प्रतिशत घटकर 803 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 806.3 करोड़ रुपये था। सब्सक्रिप्शन से रेवेन्यू 30.24 प्रतिशत बढ़कर 1,332.4 करोड़ रुपये रहा। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 3.99 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Engineers India Share Price: शेयर में खरीद की सुनामी, मुनाफा 135% बढ़ने और डिविडेंड के ऐलान से 15% तक भागा

ZEEL का शेयर 2 सप्ताह में 15 प्रतिशत गिरा

शेयर में आई गिरावट से जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप 6000 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 2 सप्ताह में लगभग 15 प्रतिशत और 3 महीनों में 46 प्रतिशत कमजोर हुआ है। शेयर 3 साल में लगभग 80 प्रतिशत टूटा है। ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग और 101 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।