इंदौर में दो दर्दनाक घटनाएं, होस्‍टल में मिली छात्रा का संदिग्‍ध शव मिला, एक्‍सरसाइज करते हुए 15 साल के लड़के की मौत

इंदौर में दो दर्दनाक घटनाएं, होस्‍टल में मिली छात्रा का संदिग्‍ध शव मिला, एक्‍सरसाइज करते हुए 15 साल के लड़के की मौत

indore

इंदौर में रविवार को हुई दो घटनाओं ने सभी को चौंका के रख दिया। दोनों मामलों में पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है। पहली घटना में एक 15 साल के बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में यूपीएससी की एक छात्रा का शव होस्‍टल में मिलने सनसनी फैल गई।

पहली घटना में इंदौर के अटल खेल परिसर में व्यायाम के दौरान 15 वर्षीय कनिष्क बोयक की अचानक गिरकर मौत हो गई। 10वीं का छात्र कनिष्क अपने भाई के साथ वार्मअप कर रहा था। भाई द्वारा सीपीआर देने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

वार्मअप के दौरान बिगड़ी हालत : परिसर में दोनों भाई साथ मिलकर वार्मअप एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान कनिष्क अचानक जमीन पर गिर पड़ा। अपने छोटे भाई को अचानक गिरता देख दिव्यांश घबरा गया और उसे होश में लाने का प्रयास करने लगा। दिव्यांश ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए कनिष्क को सीपीआर भी दिया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया : कनिष्क की हालत बिगड़ती देख दिव्यांश ने परिसर में आसपास व्यायाम कर रहे अन्य लोगों से मदद मांगी। वहां मौजूद लोग किशोर को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने कनिष्क का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना शनिवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। रविवार दोपहर 2 बजे किशोर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

नियमित व्यायाम करता था कनिष्‍क : मृतक के रिश्तेदार हरीश बोयत ने जानकारी दी कि कनिष्क पिछले 2 से 3 साल से अटल खेल परिसर में नियमित रूप से व्यायाम करने जाता था। घटना के समय उसका बड़ा भाई भी साथ ही मौजूद था। दोनों भाई अपनी मां के साथ इंदौर के राजमोहल्ला क्षेत्र में रहते थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

20 साल की छात्रा की संदिग्‍ध मौत : दूसरी घटना में इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल में रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सिवनी की रहने वाली थी मृतका : भंवरकुआं थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 20 वर्षीय जूलिया पुत्री शैलेंद्र उइके के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिवनी जिले के पास स्थित लखनादौन की रहने वाली थी। इंदौर के भंवरकुआं इलाके में रहकर वह संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शनिवार शाम को वह अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली, जिसके बाद हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत उसके परिजनों को इस घटना की जानकारी दी।

हॉस्टल संचालिका और युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप : मृतक छात्रा के माता-पिता ने हॉस्टल संचालिका और एक युवक पर उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक जूलिया मई 2026 में देवेंद्र नगर स्थित इस हॉस्टल में रहने के लिए आई थी। इस हॉस्टल में गर्ल्स विंग की जिम्मेदारी स्वाति नामक युवती संभालती थी जबकि बॉयज विंग की देखरेख शुभम जायसवाल करता था। परिजनों का कहना है कि शुभम अक्सर स्वाति से बातचीत करने के लिए गर्ल्स हॉस्टल के अंदर आ जाता था, जिसका जूलिया ने कड़ा विरोध किया था।

मृतका जूलिया के परिवार में उसके अलावा 2 बहनें और 2 भाई हैं। बेटी की अचानक इस तरह मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए फिलहाल माता-पिता द्वारा लगाए गए तमाम गंभीर आरोपों के आधार पर हर एक बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही है।