176 रनों से ऑस्ट्रेलिया को रौंदकर दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से जीती टेस्ट सीरीज

AUSvsSA साइमन हार्मर (छह विकेट) और कगिसो रबाडा (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन शनिवार को ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-1 से अपने नाम कर ली और टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन का स्थान भी हासिल कर लिया है।

आज यहां पांचवें दिन कगिसो रबाडा ने अपने पहले ही ओवर में मैट रेनशॉ (शून्य) और मार्नस लाबुशेन (चार) को आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रैविस हेड (14) का अहम विकेट भी चटकाया। चौथी पारी में 288 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। लंच तक टीम 60 रन पर सात विकेट गंवाकर भारी संकट में फंस गई। ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर ने रबाडा का बेहतरीन साथ देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए।

न्यूलैंड्स की पिच पर गेंद को अच्छा टर्न मिल रहा था, जिसका फायदा उठाते हुए हार्मर ने एलेक्स कैरी (दो) और कूपर कोनोली (शून्य) को आउट किया। इसके बाद, पिच पर बने निशानों (फुटमार्क्स) से निपटने के लिए नंबर 8 पर भेजे गए मिशेल स्टार्क को भी उन्होंने आउट कराया। स्टार्क का कैच बैट-पैड के पास लपका गया। यह लंच से ठीक पहले की आखिरी गेंद थी। कैमरन ग्रीन (27) को भी हार्मर ने आउट किया।

ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत काफी उम्मीदों के साथ की थी, क्योंकि चौथे दिन पिच काफी शांत नजर आ रही थी। लेकिन रबाडा ने अपने आक्रामक तेवर दिखाए। मैच की शुरुआत में पेट में ऐंठन के कारण रबाडा अपनी पूरी लय में नहीं थे, लेकिन इस बार उन्होंने शानदार वापसी की। उन्होंने अपने शुरुआती स्पेल में 5 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने लगातार खतरनाक लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की और गेंद को ऐसी मूवमेंट दी, जो चौथे दिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नहीं कर पाए थे।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने मैच को ड्रा की ओर ले जाने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने अपनी पारी में 90 गेंदों का सामना किया और मात्र 11 रन बनाये। 54वें ओवर में हार्मर ने उन्हें विकेट के पीछे कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। 58वें ओवर की पहली गेंद पर हार्मर ने जॉश हेजलवुड (चार) को बोल्ड कर 111 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी का अंत कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए हार्मर ने 16 रन देकर छह विकेट लिये। कगिसो रबाड़ा ने 39 रन देकर तीन विकेट झटके।

हार्मर ने इस मैच में कुल 10 विकेट लिये। उन्हें ‘मैन ऑफ मैच’ का पुरस्कार मिला। मार्को यानसन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया।

संक्षिप्त स्कोर:

दक्षिण अफ्रीका: पहली पारी 329,दूसरी पारी में 387 रन।

ऑस्ट्रेलिया: पहली पारी 429 रन, दूसरी पारी 111 रन।