केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी का निधन, भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी का निधन, भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस

Shivraj Singh Chouhan mother passes away

Shivraj Singh Chouhan mother passes away: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशीबाई चौहान का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से सांस संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनका अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव जैत में किया गया। 

 

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, श्रीमती काशीबाई की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एक हफ्ते पहले भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भोपाल स्थित साकेत नगर निवास पर रखा गया, जिसके बाद पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव जैत ले जाया गया।

मां का जाना ऐसी रिक्तता है जिसे कोई नहीं भर सकता

माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। मां का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियां मन को भावुक कर रही हैं। परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें। माताजी के निधन के चलते शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित राजनीतिक और सरकारी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।

दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

काशीबाई के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राजस्थान के मुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।