
ECI Revises SIR Schedule: दिल्ली-महाराष्ट्र समेत देश के 6 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया यानी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम में चुनाव आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। चुनाव आयोग ने 29 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर नई संशोधित समयसीमा की घोषणा कर दी है। इसके तहत अब बदली हुई तारीखों पर दावे-आपत्तियां निपटाए जाएंगे और फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी।
‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) वह प्रक्रिया है जिसके जरिए मतदाता सूची को पूरी तरह से जांचा और अपडेट किया जाता है। आयोग के ताजा आदेश के दायरे में महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना और नगालैंड को शामिल किया गया है। चुनाव आयोग ने सभी संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस नए शेड्यूल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि आम नागरिकों तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।
कब जारी होगी अंतिम मतदाता सूची?
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए 30 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई है। दिल्ली में अंतिम सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
कब होगा दावे और आपत्तियों का निपटारा?
चुनाव आयोग ने छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए अलग-अलग तारीखें तय की हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा और आंध्र प्रदेश में 20 नवंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों का निपटारा करना होगा।
महाराष्ट्र और नगालैंड में इसके लिए 25 नवंबर 2026 अंतिम तारीख है। वहीं, तेलंगाना में दावे-आपत्तियों के निपटारे की समयसीमा 26 नवंबर 2026 है। दिल्ली में दावे और आपत्तियों के निपटारे की समयसीमा भी अलग है। इसके लिए 15 दिसंबर 2026 अंतिम तारीख तय की गई है।


