रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र विदर्भ और कर्नाटक को मिली पारी से जीत

Ranji Trophy

रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र विदर्भ और कर्नाटक को अपने प्रतिद्वंदियों पर पारी से जीत मिली है वहीं बंगाल को केरल पर 287 रनों की बड़ी जीत मिली है।

बंगाल ने केरल को 287 रनों से हराया

प्रदीप्त प्रमाणिक (छह विकेट), मोहम्मद शमी और शाहबाज अहमद (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत बंगाल ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में गुरुवार को केरल को 287 रनों से शिकस्त दी।
आज केरल ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 54 रन से आगे खेलना शुरु किया।

सुबह के सत्र में प्रदीप्त प्रमाणिक ने कप्तान विष्णु विनोद (19) को आउट कर बंगाल पांचवीं सफलता दिलाई। सलमान निजार (एक) भी प्रमाणिक का शिकार बने। आदित्य सरवटे (शून्य) और व्यशक चंद्रण (तीन) रन को मोहम्मद शमी ने आउट किया।

मोहम्मद अज़हरुद्दीन (26) को शाहबाज अहमद ने आउट किया। 39वें ओवर की चौथी गेंद पर शाहबाज ने एम डी निधीश (33) को स्टंप आउट कराकर केरल की दूसरी पारी का 120 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी के साथ बंगाल ने यह मुकाबला 287 रनों से अपने नाम कर लिया। शाहबाज अहमद ने बंगाल की पहली पारी में 121 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने केरल की दोनों पारियों में दो-दो विकेट लिये। उन्होंने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

विदर्भ ने गोवा को एक पारी और 27 रन से हराया

बायें हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे के चार विकेट की मदद से विदर्भ ने गोवा को दूसरी पारी में 195 रन पर समेटकर रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच के आखिरी दिन गुरुवार को एक पारी और 27 रन से जीत दर्ज की।फॉलोआन खेलते हुए गोवा की टीम दुबे की गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकी । दुबे ने 38 रन देकर चार विकेट चटकाये जिनमें मंथन खुटकर (70) का विकेट शामिल था।

यह विदर्भ की लगातार तीसरी जीत है जिससे वह 18 अंक लेकर ग्रुप ए में शीर्ष पर है।इससे पहले ध्रुव शोरे के 168 रन की मदद से आठ विकेट पर 442 रन बनाकर विदर्भ ने पहली पारी घोषित करके 222 रन की बढत ली थी। दानिश मालेवार ने 56 और अक्षय वाडकर ने 63 रन बनाये थे।

गोवा ने पहली पारी में 220 रन बनाये थे।दूसरी पारी में खुटकर ने 160 गेंद में 70 रन बनाकर गोवा की उम्मीदें कायम रखी लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। शिवेंद्र भुजबल ने 79 गेंद में 45 रन बनाये और बाकी बल्लेबाज नाकाम रहे।

सौराष्ट्र ने असम को एक पारी और 12 रन से हराया

बायें हाथ के स्पिनर पार्थ भूत के आठ विकेट की मदद से सौराष्ट्र ने असम को एक पारी और 12 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।तीसरे दिन असम के सात विकेट 65 रन पर निकालने के बाद सौराष्ट्र की जीत औपचारिकता मात्र बची थी। भूत ने सात रन के भीतर छह विकेट चटकाये।

भूत ने 18 ओवर में 17 रन देकर आठ विकेट लिये । असम की टीम दूसरी पारी में 94 रन पर आउट हो गई।असम के पहली पारी के 281 रन के जवाब में सौराष्ट्र ने 387 रन बनाये थे। पारी के अंतर से जीत के साथ सौराष्ट्र को एक बोनस अंक भी मिला।

कर्नाटक ने भी त्रिपुरा को एक पारी और 116 रन से हराया

एक अन्य मैच में कर्नाटक ने भी त्रिपुरा को एक पारी और 116 रन से हराकर सात अंक हासिल किये।त्रिपुरा ने पहली पारी में 194 और दूसरी पारी में 180 रन बनाये। कर्नाटक ने पहली पारी नौ विकेट पर 490 रन बनाकर घोषित की थी।

कर्नाटक के लिये श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि मनवंत कुमार और विजय कुमार विशाक को दो दो विकेट मिले।वहीं सिकंदराबाद में पंजाब और मेजबान हैदराबाद का मैच ड्रॉ रहा। पंजाब ने बिना किसी नुकसान के 57 रन से आगे खेलते हुए अपनी पारी छह विकेट पर 240 रन पर घोषित की थी।