Weather Update: दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

Weather Update: दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड

kerala rain

Weather Update 16 October: दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी है, जो 22 अक्टूबर तक बना रह सकता है। वहीं उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे शिखरों पर बर्फबारी का दौर जारी है। जिससे मैदानी इलाकों में भी हल्की ठंडक और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

 

पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु और तटीय कर्नाटक में बहुत भारी (12-20 सेमी) तथा केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश दर्ज हुई है। यूपी, राजस्थान, ओडिशा, पंजाब और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्‍टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। मंडियों में खुले में रखी धान, बाजरा व मक्के की पैदावार भीगी। धान, कपास व गन्ने की फसलों को भी नुकसान। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी।

 

दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश : पूर्वोत्तर मानसून और स्थानीय प्रणालियों के प्रभाव से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 22 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक, केरल व माहे, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा, झोंके 60 किमी/घंटा तक), गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। 

 

उत्तर और मध्य भारत : दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह-दोपहर में हल्की से बहुत हल्की बारिश/गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29-31°C, न्यूनतम 18-20°C के आसपास रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट आई है। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर बारिश के साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी राजस्थान में बारिश हो सकती है। 

 

पूर्वी भारत : ओडिशा, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश/थंडरशॉवर; बिहार और झारखंड में ज्यादातर शुष्क या बहुत हल्की बारिश।

यहां बर्फबारी की संभावना

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों (लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर आदि) में बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है। कोकसर, केलांग आदि में कुछ सेंटीमीटर बर्फ जमा हुई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 16-18 अक्टूबर तक ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना। उत्तराखंड के ऊंचे क्षेत्रों में भी ठंडी हवाएं और मौसम खराब, बर्फबारी का प्रभाव संभव।