अमेरिका के ओहायो में शुक्रवार को हिंदू मंदिर पर हमला किया गया। हमले में मंदिर को काफी नुकसान हुआ। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के मुताबिक, दोपहर 1:30 बजे रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने मंदिर की इमारत पर ईंटें फेंकीं। कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका ने बताया कि ईंटों से मंदिर की खिड़कियां टूट गईं। घटना के समय पुजारी और कई श्रद्धालु मंदिर के अंदर मौजूद थे। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने कहा कि घटना के CCTV फुटेज मौजूद हैं। अधिकारी इनकी जांच कर रहे हैं। संगठन ने FBI और सिविल राइट्स को जानकारी देने की बात कही है। हिंदू स्वयंसेवक संघ USA के मुताबिक पिछले 5 साल में अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाकर 15 से ज्यादा तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इनमें 6 BAPS मंदिर शामिल थे। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे हेट क्राइम बताया फाउंडेशन ने कहा कि यह संभावित हेट क्राइम हो सकता है। संगठन के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ नफरत और हिंसा से भरी बयानबाजी बढ़ी है। संगठन ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों से हमलावरों को जल्द पकड़ने को कहा है। साथ ही अमेरिकी नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की साफ तौर पर निंदा करने की अपील की है। अब तक कोई आरोपी सामने नहीं आया ANI के मुताबिक, हमले के मामले में अब तक किसी संदिग्ध की सार्वजनिक पहचान नहीं हुई है और किसी गिरफ्तारी की भी तत्काल पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे धार्मिक मकसद होने की पुष्टि नहीं की है। यह घटना ऐसे समय हुई, जब अमेरिका के ओहायो समेत कई हिस्सों में हिंदू संगठन हिंदू हेरिटेज मंथ मना रहे हैं। घटना नवरात्रि से ठीक पहले भी हुई है। हिंदू हेरिटेज मंथ अमेरिका में हर साल अक्टूबर में मनाया जाता है। इस दौरान हिंदू संगठन और समुदाय के लोग हिंदू धर्म, संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम करते हैं। इसका मकसद लोगों को हिंदू संस्कृति के बारे में बताना और अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय की पहचान और परंपराओं को सामने लाना है। अमेरिका में पहले भी मंदिरों पर हमले हुए कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका पहले भी अमेरिका में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और मंदिरों में तोड़फोड़ को लेकर चिंता जताता रहा है। संगठन ने ऐसे मामलों की एक टाइमलाइन भी तैयार की है। ———————– यह खबर भी पढ़ें… भारतीय पायलट पर हमले के आरोपी का नाम हमाम अल-हमामी:दावा- अलकायदा से प्रभावित था, कट्टरपंथी सोच के चलते ओमान एयर से निकाला गया दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के तौर पर हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
Latest News

