Weather Update : पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, IMD इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update : पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, IMD इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

snowfall

Weather Update 28 September : मैदान से लेकर पहाड़ तक भारी बारिश व बर्फबारी के चलते उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश से लेकर नेपाल तक हालात खराब हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी से मौसम में ठंडक महसूस की गई। दिल्ली में 18 साल में सितंबर की सबसे सर्द रात महसूस की गई। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

हिमाचल में रोहतांग, किन्नौर और स्पीति में बर्फबारी से कई जगह रास्ते बंद हो गए। किन्नौर में एनएच-5 कई घंटे तक बंद रहा। उत्तराखंड में बर्फबारी के चलते चारों धामों की यात्रा रविवार को भी बंद रही। नेपाल के 49 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा। नेपाल में भारी भारिश की वजह से बिहार में भी कई स्थानों पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

 

15 हजार से ज्यादा केदारनाथ यात्री फंसे

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा पर गए 15 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों को अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। खराब मौसम की वजह से केदारनाथ यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

 

यूपी में आफत की बारिश

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से नदी नाले उफान पर है और सड़कों पर पानी भरा हुआ है। राज्य में वर्षाजन्य हादसों में दो दिनों में 90 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में लखीमपुर खीरी में 34 सेमी, सीतापुर में 27 सेमी, बहराइच में 24 सेमी और बांदा में 23 सेमी बारिश हुई। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 21 सेमी, महोबा व शाहजहांपुर में 19-19 सेमी तक बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। 

 

कहां कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी वर्षा की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली चमकने के साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। आज हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, बिहार, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा और तेलंगाना में भी आंधी और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।

फिर डीप डिप्रेशन में बदलेगा डिप्रेशन 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर और उससे लगे म्यांमार तट के ऊपर बना अवदाब पिछले 3 घंटों के दौरान 14 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ा है। इसके आज शाम या रात के आसपास यांगून और कियाकटो के बीच म्यांमार तट को पार करते हुए एक गहरे अवदाब में तब्दील होने की बहुत अधिक संभावना है। इसके बाद, इसके अगले 2 दिनों के दौरान म्यांमार तट के साथ-साथ उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश के तटों की ओर बढ़ने की संभावना है।