
भोपाल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टर हमीदिया अस्पताल से मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए निकले थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के आरोप के बाद मामला और गरमा गया।
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। जब प्रदर्शनकारी हमीदिया अस्पताल से सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन चलाया गया।
पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप
इंटर्न डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कई इंटर्न डॉक्टर मौके पर ही धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टरों ने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज क्यों किया। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
30 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग
इंटर्न डॉक्टरों की प्रमुख मांगों में उनका प्रतिमाह स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपये किए जाने की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांग राज्य स्तर से जुड़ी हुई है और सरकार को इस पर जल्द फैसला लेना चाहिए।
मौके पर पहुंचे भोपाल कलेक्टर
स्थिति को संभालने के लिए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। कलेक्टर ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों की मांग राज्य स्तरीय है और उनकी बात हेल्थ कमिश्नर तक पहुंचा दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रशासन सख्त कदम उठाने के लिए तैयार है। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों की समझाइश के बावजूद इंटर्न डॉक्टरों का विरोध जारी रहा और पुलिस कार्रवाई के विरोध में वे धरने पर बैठे रहे। अब इस पूरे मामले में सरकार की ओर से इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर क्या फैसला लिया जाता है और पुलिस कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।


