नई दिल्ली के सत्य निकेतन, मोती बाग इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिव मंदिर के पास एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया
दिल्ली फायर सर्विसेज के मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, हादसे के बाद मलबे में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, आशंका है कि कुछ अन्य लोग भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर संभावित लोगों की तलाश कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचीं 12 फायर टेंडर
अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज की 12 फायर टेंडर मौके पर पहुंचीं। इनके साथ रेस्क्यू टीम और पुलिसकर्मी भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। टीमें सावधानी से मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति अंदर तो नहीं फंसा है।
दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, इमारत गिरने की घटना रविवार को करीब 1:30 बजे सामने आई। यह इलाका चानक्यपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और बचाव एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
राहत-बचाव अभियान जारी
घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मलबे की जांच और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
आरा में महानंदा एक्सप्रेस के 2 डिब्बे पटरी से उतरे, कम स्पीड के चलते टला बड़ा हादसा

