
Weather Update : देश में कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से दक्षिण-पश्चिम मानसून तेज है। मध्य प्रदेश, राजस्थान में भारी बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर है तो केरल और असम में बाढ़ की वजह से हालात खराब है। मुंबई के कुर्ला में बारिश की वजह से हुए भूस्खलन की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ALSO READ: मुंबई के कुर्ला में तड़के बड़ा हादसा, चॉल पर गिरा मिट्टी का पहाड़; 2 की मौत
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, यूपी और बिहार सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात और ओडिशा के कुछ जिलों में भी मूसलाधार बारिश होगी। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कर्नाटक और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से भारी बारिश हो रही है। मॉनसून ट्रफ अभी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। 12 अगस्त के आस-पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक और क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने में मदद मिल सकती है। इस दौरान 70 Kmph की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।
Latest satellite animation pic.twitter.com/2cyrmGYSrY
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 12, 2026
राजस्थान पानी-पानी
राजस्थान में बुधवार को चित्तौड़गढ़, सलूंबर, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सवाईमाधोपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। लगातार बरसात के कारण चित्तौड़गढ़ का देवलिया बांध छलक गया है। सलूंबर में कलेक्टर आवास के बाहर पानी भर गया तो बांसवाड़ा में सड़कें जलमग्न नजर आई। कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की टनल के एक हिस्से में पानी भरने से उसे बंद कर दिया गया है। 14 अगस्त से अगले एक सप्ताह तक राज्य में बहुत कम बारिश की संभावना है।
मध्यप्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ की वजह से पूरे मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। पिछले 3 दिनों से हो रही बारिश की वजह से कई स्थानों पर नदी नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में कैसा है मौसम?
यूपी में मानसून की चाल बुधवार यानी 12 अगस्त को थोड़ी बदली हुई है। IMD ने आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, गोरखपुर, झांसी, जालौन, ललितपुर, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं। अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, बलिया और मऊ में भी बारिश हो सकती है। गोरखपुर और देवरिया में भी हल्की बारिश हो सकती है।


