दोस्‍ती में ब्‍लैकमेल का गेम, इंदौर में लॉ स्टूडेंट के अश्लील वीडियो वायरल, मिलने से मना किया तो सहेलियों को भेजी क्‍लिप्‍स

इंदौर में ब्‍लैकमेलिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय लॉ स्टूडेंट के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि छात्रा ने मिलने से इनकार किया तो उसके सोशल मीडिया मित्र ने पहले धमकियां दीं और फिर उसके वीडियो परिचितों व सहेलियों को भेज दिए। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता की पहचान करीब एक वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश निवासी आदित्य पुत्र राहुल वर्मा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। पिछले एक महीने से आरोपी छात्रा पर मिलने का दबाव बना रहा था।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान छात्रा पर बिना कपड़ों के बात करने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल कर परेशान करने लगा।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो उसकी सहेलियों और अन्य परिचितों को भेज दिए। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल कर दिए। आरोपी ने छात्रा के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उस पर भी वीडियो अपलोड कर दिए।

घटना के बाद छात्रा ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपी आदित्य राहुल वर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए गए आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।