
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। सोमवार, 6 जुलाई को आयोजित ट्रस्ट की अहम बैठक में महासचिव चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा को सर्वसम्मति से ट्रस्ट का नया महासचिव (General Secretary) नियुक्त किया गया है।
बजरंग लाल बागड़ा अब राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन और रामलला को मिलने वाले दान सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की कमान संभालेंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब हाल के दिनों में मंदिर में दान व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे।
वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक कार्यों में लंबा अनुभव रखने वाले बजरंग लाल बागड़ा के सामने अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के संचालन, दान प्रबंधन और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
अयोध्या में मौजूद हैं बजरंग लाल बागड़ा
सूत्रों के मुताबिक, नवनियुक्त महासचिव बजरंग लाल बागड़ा फिलहाल अयोध्या में ही मौजूद हैं। हालांकि प्रशासनिक और औपचारिक प्रक्रियाओं के चलते उन्होंने ट्रस्ट की बैठक में सीधे हिस्सा नहीं लिया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वह जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे।
कौन हैं बजरंग लाल बागड़ा?
बजरंग लाल बागड़ा मूल रूप से राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई सरकारी माध्यमिक विद्यालय, लोसल (सीकर) से हुई। छात्र जीवन में उन्होंने राजस्थान बोर्ड की स्टेट मेरिट सूची में स्थान बनाया और नेशनल मेरिट स्कॉलरशिप भी हासिल की। वे स्काउटिंग गतिविधियों में भी सक्रिय रहे और फर्स्ट क्लास स्काउट तथा पेट्रोल लीडर रहे। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स, जयपुर से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की पढ़ाई पूरी की।
कॉर्पोरेट दुनिया में भी रहा शानदार करियर
पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट बजरंग लाल बागड़ा का कॉर्पोरेट क्षेत्र में भी लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने नवंबर 2000 से फरवरी 2007 तक RITES लिमिटेड में डायरेक्टर (फाइनेंस) के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वे भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन आने वाली नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) से जुड़े। यहां उन्होंने शीर्ष वित्तीय और प्रबंधन पदों पर कार्य करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। बाद में वे NALCO के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) भी रहे।

