
बेल्जियम ने FIFA World Cup के इतिहास में सबसे शानदार वापसी करते हुए 86वें मिनट के बाद तीन गोल कर सेनेगल पर 3-2 से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। जिसमें 125वें मिनट में रिकॉर्ड-तोड़ पेनल्टी भी शामिल थी।
ल्यूमेन फील्ड में गुरुवार सुबह खेले गये फीफा विश्वकप के राउंड ऑफ 32 में बेल्जियम आखिरी समय में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेनेगल पर 3-2 से जीत दर्ज की। मैच के ज़्यादातर समय 2-0 से पीछे रहने के बाद बेल्जियम बाहर होने की कगार पर था, लेकिन उन्होंने अद्भुत वापसी की। उन्होंने एक लगभग हारी हुई बाजी को पलटते हुए टूर्नामेंट की सबसे यादगार नॉकआउट जीतों में से एक में बदल दिया। सब्स्टीट्यूट रोमेलु लुकाकू ने 86वें मिनट में गोल करके वापसी की शुरुआत की और तीन मिनट बाद कप्तान यूरी टिएलेमैन्स ने हेडर से बराबरी का गोल करके मैच को अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया।
मैच के ज़्यादातर समय दबदबा बनाने के बाद सेनेगल की शानदार जीत तय लग रही थी। हबीब डियारा ने 25वें मिनट में गोल करके खाता खोला और लगातार हमले के दबाव का फायदा उठाते हुए बेल्जियम को पीछे कर दिया। अफ्रीकी टीम ने 51वें मिनट में अपनी पकड़ और मज़बूत की, जब इस्माइला सार ने शानदार फिनिशिंग के साथ बढ़त को दोगुना कर दिया, जिससे बेल्जियम के जल्दी बाहर होने का खतरा मंडराने लगा।
मैच में बेल्जियम अधिकतर समय सेनेगल के अनुशासित रक्षापंक्ति को तोड़ने के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन लुकाकू के मैदान पर आने से मैच का रुख बदल गया। स्ट्राइकर के 86वें मिनट में करीब से किए गए गोल ने बेल्जियम का हौसला बढ़ाया, और कुछ ही देर बाद टिएलेमैन्स ने लिएंड्रो ट्रॉसार्ड के क्रॉस पर शानदार हेडर से गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया और सेनेगल के समर्थकों को हैरान कर दिया।
अतिरिक्त समय में और भी रोमांच देखने को मिला क्योंकि दोनों टीमें निर्णायक गोल की तलाश में थीं। बेल्जियम जीत के बहुत करीब पहुंच गया था जब डोडी लुकेबाकियो ने अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ के अंत में क्रॉसबार पर शॉट मारा, जबकि सेनेगल ने काउंटर-अटैक में कुछ मौके बनाए लेकिन फिर से बढ़त हासिल करने में नाकाम रहे।
Action packed from start to finish #FIFAWorldCup pic.twitter.com/EcxO1z8IJv
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 2, 2026
निर्णायक पल आखिरी सेकंड में आया। लंबे VR Review के बाद, रेफरी हेक्टर मार्टिनेज ने बेल्जियम को पेनल्टी दी। उन्होंने फैसला सुनाया कि शेख कमारा ने पेनल्टी एरिया के अंदर टिएलेमैन्स को फाउल किया था, जब वे एक लो क्रॉस को क्लियर करने की कोशिश कर रहे थे। इस फैसले के बाद सेनेगल के खिलाड़ियों ने जोरदार विरोध किया, जिससे स्पॉट-किक लेने में काफी देर हो गई।
मैच का सारा दारोमदार अपने कंधों पर होने के बावजूद, टिएलेमैन्स ने संयम बनाए रखा और गोलकीपर मोरी डियाव को छकाते हुए 125वें मिनट में पेनल्टी को गोलपोस्ट के ऊपरी-दाएं कोने में पहुंचाकर एक अद्भुत वापसी पूरी की। आधिकारिक तौर पर 124 मिनट और 44 सेकंड पर हुए इस गोल ने फीफा विश्वकप कप के इतिहास में मैच जिताने वाले सबसे देर से किए गए गोल का रिकॉर्ड बनाया। इस रोमांचक जीत ने बेल्जियम को राउंड ऑफ़ 16 में पहुंचा दिया है, जहां वे सिएटल लौटकर अमेरिका का सामना करेंगे।
An unforgettable Belgian knockout round memory #FIFAWorldCup pic.twitter.com/8nK5ie3OIC
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 1, 2026
सेनेगल के लिए, उनके शानदार प्रदर्शन का अंत दिल तोड़ने वाला रहा। 80 मिनट से ज़्यादा समय तक मैच पर पकड़ बनाए रखने और दो गोल की बढ़त के साथ जीत पक्की लग रही थी, लेकिन बेल्जियम ने मैच के आखिर में अविश्वसनीय वापसी करते हुए फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर अब तक की सबसे बेहतरीन वापसी की कहानियों में से एक लिख दी।

