4 साल से अधूरी सड़क के लिए कीचड़ में बैठे पार्षद और रहवासी, विरोध के बाद जागा इंदौर नगर निगम

4 साल से अधूरी सड़क के लिए कीचड़ में बैठे पार्षद और रहवासी, विरोध के बाद जागा इंदौर नगर निगम

road

देशभर में आजकल एक नया चलन चल रहा है, जब तक आंदोलन न किया जाए या विरोध नहीं किया जाए, सरकारें और प्रशासन काम ही नहीं कर रहा है। अब हर समस्‍या के लिए लोगों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। हाल ही में इंदौर में ऐसा ही कुछ नागरिकों को करना पड़ा।

इंदौर के वार्ड 75 स्थित भावना नगर-पालदा नाका क्षेत्र में सड़क की बदहाली से परेशान पार्षद और रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज पार्षद कुणाल सोलंकी रहवासियों के साथ सड़क पर जमा कीचड़ में ही बैठ गए और धरना दिया। उन्होंने सड़क निर्माण की मांग की।

रहवासियों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश होते ही पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। हालांकि रहवासी और पार्षद द्वारा प्रदर्शन के बाद नगर निगम ने सड़क का काम शुरू कर दिया गया है जिसके बाद धरना-प्रदर्शन खत्म किया गया।

पार्षद कुणाल सोलंकी ने नगर निगम कमिश्नर और एडिशनल कमिश्नर से मुलाकात कर समस्या का समाधान करने की मांग की। उन्होंने बताया कि सड़क का काम करीब चार साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। यह सड़क वार्ड 75 और 77 के बीच आती है। अधूरे निर्माण के कारण आसपास के रहवासियों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है।

बता दें कि इंदौर में कई जगह खुदाई का काम चल रहा है। कहीं लोग खराब सड़कों से परेशान हैं तो कहीं गड्डों से परेशान हैं। बारिश का मौसम होने की वजह से दिक्‍कतें और ज्‍यादा बढ गई हैं, लेकिन किसी भी स्‍तर पर सुनवाई नहीं हो रही है।