
Top News 11 August : कोलंबिया में भूकंप से 132 लोगों की जान गई। मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी। झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों पर अड़े। संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी। शरद पवार की पोती की शादी में पहुंचे पीएम मोदी और अमित शाह। 11 अगस्त की बड़ी खबरें :
कोलंबिया में भूकंप से तबाही
कोलंबिया में 10 अगस्त 2026 को 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। सैन जोस डेल पालमार के पास आए भूकंप से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और कम से कम 132 लोगों की मौत हुई। भूकंप के बाद देश में इमरजेंसी का एलान किया गया। राहत और बचाव कार्य जारी। ALSO READ: Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से दहला कोलंबिया, 132 से ज्यादा मौतें; आपातकाल का एलान
दिल्ली से राजस्थान तक भारी बारिश का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है। पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, गुजरात, और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है।
छात्र आंदोलन से कैसे निपटेंगे हेमंत सोरेन?
लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद भी रांची में छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना छात्रों का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनकी आवाज सुने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। ALSO READ: Jharkhand Student Protest : विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर वाटर कैनन और लाठीचार्ज, CM हेमंत सोरेन बोले- 'बातचीत से सुलझाएंगे मामला'
अमित शाह के 'जवाब' पर नहीं बनी बात
संसद के मानसून सत्र में तीन सप्ताह से ज्यादा समय से जारी गतिरोध सोमवार को भी खत्म नहीं हो सका। सरकार की ओर से छात्र आंदोलनों और पुलिस कार्रवाई पर लोकसभा में चर्चा कराने तथा गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की पेशकश के बावजूद कांग्रेस ने इसे स्वीकार नहीं किया। कांग्रेस ने कहा कि तीन मुद्दे उसके लिए 'नॉन-नेगोशिएबल' हैं और इन पर सरकार को जवाब देना ही होगा। ALSO READ: संसद में गतिरोध खत्म नहीं, अमित शाह के बयान के ऑफर पर भी नहीं बनी बात, कांग्रेस बोली- तीन मांगों पर समझौता नहीं
पीएम मोदी और अमित शाह के साथ शरद पवार!
सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के शादी रिसेप्शन में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक साथ नजर आए। शरद पवार की पार्टी अभी भी विपक्षी गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में इन तीनों नेताओं की एक साथ तस्वीर ने सबसे ज्यादा राजनीतिक ध्यान खींचा।

