स्मृति मंधाना की हुई ताजपोशी, जिम्बाब्वे दौरे पर करेंगी महिला टीम की कप्तानी

जैसा कि क्रिकेट के गलियारों में चर्चा थी कि स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त करने में देरी नहीं की जाएगी ठीक वैसा ही हुआ। सुबर हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से इस्तीफा दिया तो रात में स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का कप्तान घोषित कर दिया गया।शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा को मंगलवार को भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया।

कप्तानी छोड़ने के बावजूद हरमनप्रीत कौर को सीमित ओवर क्रिकेट की दोनों टीमों में रखा गया है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैच की टी20 श्रृंखला रायपुर में 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेली जाएगी।

तीन मैच की वनडे श्रृंखला वडोदरा में 23, 25 और 28 अक्टूबर को होगी।टी20 टीम में प्रतिका रावल को जगह नहीं मिली है जबकि निक्की प्रसाद, मीनू मणि, अनुष्का शर्मा और जिंतिमणि कलिता को शामिल किया गया है। इन चारों ने हाल में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ सीमित ओवर और बहु दिवसीय श्रृंखला में हिस्सा लिया था।

एकदिवसीय टीम में रावल और हरलीन देओल मध्यक्रम में होंगी। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स को टीम से बाहर रखा गया है। वह महिला टी20 एशिया कप और एशियाई खेलों में भी नहीं खेल सकी थीं और अगस्त की शुरुआत में पैर की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद अब भी टीम से बाहर हैं।

वनडे टीम में वैष्णवी शर्मा को भी शामिल किया गया है जिन्होंने हाल में ऑस्ट्रेलिया ए महिला टीम के खिलाफ छह विकेट लिए थे। तेजल हसबनिस और सयाली सतघरे को भी टीम में जगह मिली है।

टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम:स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, निक्की प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष, जी कमालिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिंतिमणि कलिता, मीनू मणि।

एकदिवसीय टीम:स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, यस्तिका भाटिया, वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, रेणुका ठाकुर।