
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर के पड़ाना कस्बे में सोमवार को बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से बह रहे तेज पानी को पार करने की कोशिश में 11 लोगों से भरी ईको कार उफनते नाले में बह गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोगों ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। 2 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। कार में सवार सभी लोग देवास जिले के रहने वाले बताए गए हैं। गहरा नाला होने के कारण कार देखते ही देखते पानी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तेज बहाव के बावजूद नाला पार करने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को क्षेत्र में तेज बारिश के कारण पड़ाना कस्बे में नाला उफान पर था। सड़क के ऊपर से पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसी दौरान ईको कार चालक ने पानी का बहाव तेज होने के बावजूद वाहन को नाले से पार कराने की कोशिश की। कार जैसे ही पानी में उतरी, तेज बहाव की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में कार सड़क से बहकर गहरे नाले की ओर चली गई और पानी में समा गई। कार में चार बच्चे, चार महिलाएं और तीन पुरुष समेत कुल 11 लोग सवार थे।
दो लोगों ने कूदकर बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान दो पुरुष कार से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहे। ग्रामीणों ने भी रस्सियों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए।
कई घंटे के रेस्क्यू के बाद 7 शव बरामद
रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। दोपहर करीब 2 बजे तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके थे। वहीं, दो अन्य लोगों की तलाश जारी थी। बताया जा रहा है कि हादसे में सबसे पहले करीब तीन साल के बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी।
लोगों ने चालक को किया था सावधान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले मौके पर मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने चालक को कार आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी थी। लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए बारिश रुकने और पानी कम होने तक इंतजार करने के लिए कहा था। आसपास मौजूद लोग भी उस समय नाला पार नहीं कर रहे थे। इसके बावजूद चालक ने कार को तेज बहाव वाले पानी में उतार दिया। कुछ ही पल में वाहन नियंत्रण से बाहर होकर नाले की ओर बहने लगा। पुलिस और प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

