Rohit Yadav: उम्र में हेरफेर के आरोप के बाद BCCI का बड़ा एक्शन! ऑस्ट्रेलिया सीरीज से हटाए गए रोहित यादव, U-19 टीम में हुए बदलाव

Who is UP cricketer Rohit Yadav: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार (8 सितंबर) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी अंडर-19 सीरीज के लिए भारत की U-19 टीम में बदलाव का ऐलान किया है। यह बदलाव बंगाल के क्रिकेटर रोहित यादव को उम्र संबंधी कथित हेरफेर के चलते टीम से हटाए जाने के बाद किया गया है। रोहित को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले वनडे और मल्टी-डे दोनों मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में चुना गया था।

BCCI ने आधिकारिक बयान में कहा कि ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ राजकोट और अहमदाबाद में होने वाले आगामी मुकाबलों के लिए चुने गए रोहित यादव को उम्र संबंधी रिकॉर्ड में कथित हेरफेर के कारण टीम से वापस लिया गया है। रोहित की जगह सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के आर्यन सावसानी को भारत की U-19 वनडे टीम में शामिल किया गया है। वहीं, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के तन्मय बालोदा को मल्टी-डे टीम में जगह दी गई है।

दो साल के बैन की भी रिपोर्ट

इस पूरे मामले में Sportstar की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने उम्र को लेकर कथित गलत जानकारी देने के मामले में बंगाल के लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। खास बात यह है कि कुछ सप्ताह पहले ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया था। हालांकि, BCCI की ओर से जारी आधिकारिक बयान में प्रतिबंध का जिक्र नहीं किया गया है। रोहित कुछ समय पहले ही जूनियर भारतीय टीम का हिस्सा बने थे। वह भारतीय U-19 टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।

रोहित लेग स्पिनर हैं और श्रीलंका U-19 के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए भी टीम में चुना गया था। उत्तर प्रदेश के रहने वाले रोहित ने जुलाई में भारत की अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका का दौरा किया था। उन्होंने वहां छह विकेट लिए थे और टीम को अंतिम टेस्ट जीतने में अहम योगदान दिया था।

आधार रिकॉर्ड में सामने आई जन्मतिथि को लेकर गलतियां!

रिपोर्ट के अनुसार, उम्र सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान रोहित के आधार रिकॉर्ड में उनकी जन्मतिथि को लेकर कई गड़बड़ियां सामने आईं। रिकॉर्ड में अलग-अलग वर्षों में उनकी जन्मतिथि में बदलाव दिखाई दिया। Sportstar की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका दौरे के दौरान दस्तावेजों की जांच में उनकी उम्र को लेकर गड़बड़ियां सामने आईं। रोहित के पास जन्म के तीन अलग-अलग प्रमाणपत्र मिले, जिनमें जन्म वर्ष 2007, 2009 और 2010 दर्ज है।

इसके अलावा उनके आधार रिकॉर्ड में भी अलग-अलग जन्म वर्ष पाए गए। बंगाल क्रिकेट एसोसिएसन (सीएबी) में उनका जन्म वर्ष 2007 दर्ज था। जबकि आधार रिकॉर्ड में 2017 और 2020 के अपडेट में 2006 और 2021 में इसे बदलकर 2009 किया गया। इन गलतियों के कारण वह आयु वर्ग की क्रिकेट खेलने के लिए अयोग्य पाए गए।

सीएबी ने इन गड़बड़ियों के चलते पहले ही रोहित को अपनी जूनियर टीमों से बाहर कर दिया था। बाद में बीसीसीआई को इसकी जानकारी दी। अब बोर्ड ने उन्हें दो साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने से भी रोक दिया है और सभी संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों को इसकी सूचना दे दी है।

एड्रेस को लेकर भी बवाल

रिपोर्ट में उनके पते में भी कई बदलाव का जिक्र किया गया है। रिकॉर्ड में पता उत्तर प्रदेश से हावड़ा और बाद में लिलुआह का दर्ज किया गया। इन अलग-अलग रिकॉर्ड के सामने आने के बाद उनकी उम्र को लेकर सवाल उठे और BCCI ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों सीरीज से वापस लेने का फैसला किया। रोहित को इस महीने के अंत में राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाले भारत के घरेलू वनडे और बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भी टीम में शामिल किया गया था।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारत U-19 की अपडेटेड वनडे टीम

लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उप-कप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकटा, काव्या पटेल और आर्यन सावसानी।

भारत U-19 की अपडेटेड मल्टी-डे टीम

यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), सागर वीरक, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय बिस्वास (विकेटकीपर), ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियंशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव और तन्मय बालोदा।