
डॉर्विन में बांग्लादेश से मिली 9 विकेटों की हार को ऑस्ट्रेलियाई पूर्व क्रिकेटर्स ने पतन करार दिया है। रिकी पोंटिंग, मैथ्यू हेडन और मार्क वॉ ने ऑस्ट्रेलिया की हार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिग्गजों ने माना है कि टीम में फिजूल की जगह बनाए रखने वाले खिलाड़ियों की जगह नहीं है और कहा टीम में आमूलचूल परिवर्तन होने चाहिए।
दिग्गजों का इशारा ओपनर वेदरहल्ड, मार्नस लाबुशेन और ब्यू वेबस्टर की तरफ था। इस कड़ी में कैमरन ग्रीन का भी नाम जुड़ जाता लेकिन उन्होंने दूसरी पारी में शतक जमाया।
रिकी पोंटिंग ने कहा, मैंने पिछली गर्मियों में ही कह दिया था कि बदलाव नहीं होंगे तो कहीं शर्मनाक हार का मुंह ना देखना पड़ जाए। ऑस्ट्रेलिया भाग्यशाली साबित हो रही थी। कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत से कम रहा है। हालांकि जब तक हालात बद से बदत्तर ना हो जाए खिलाड़ी बाहर नहीं होना चाहिए लेकिन विकल्प तैयार होना चाहिए। नंबर 3 के लिए टीम को जल्द कोई खिलाड़ी खोजना होगा।
पूर्व तेज गेंदबाज ट्रैंट कोपलैंड ने कहा है कि बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया को डॉर्विन में टेस्ट मैच हरा दे यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, हम जितने निराश है खिलाड़ी भी उतने ही निराश होंगे लेकिन यह बात माननी पड़ेगी कि ऑस्ट्रेलिया अपने घरेलू हालात में ऐसी टीम से नहीं हार सकता जो पिछले महीने जिम्बाब्वे से हारकर यहां आई हो।
पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्क वॉ ने कहा कि मेजबान टीम अपने घर पर सबसे बड़े उलटफेर का शिकार हुई है। वेस्टइंडीज ने 2 साल पहले ऑस्ट्रेलिया को गाबा में हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने बहुत खराब खेल दिखाया और इसकी कीमत उनको हार से चुकानी पड़ी। बांग्लादेश नाहिद राणा के बिना खेल रही थी और उसने ऑस्ट्रेलिया को धूल चटा दी।

