न्यूजीलैंड के कई अहम खिलाड़ी चोट के कारण भारत के खिलाफ T-20I सीरीज से हुए बाहर

Newzealand

न्यूजीलैंड टी-20 टीम को 22 अक्टूबर से विश्व विजेता भारतीय टीम की मेजबानी करनी है। हालांकि अभी से उनके कई सितारा खिलाड़ी इस सीरीज से बाहर होने लग गए हैं। इसकी शुरुआत सितंबर के अंतिम सप्ताह में ही हो गई  जब  स्पिन ऑलराउंडर और सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र को प्रमोशनल शूट के दौरान कंधे में चोट लग गई और वह 6 हफ्ते के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर हो गए। यह बल्लेबाज भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर सकता है। उनकी जगह ऑलराउंडर बेवॉन जैकब्स को टीम में लाया गया।

इसके बाद शुक्रवार को खबर आई कि  बल्लेबाज मार्क चैपमैन और  तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज से बाहर हो गए हैं।

बाएं हाथ के बल्लेबाज चैपमैन पिछले महीने यूरोपीय टी20 लीग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। तेज गेंदबाज फाउल्क्स के दाहिने कूल्हे में हाल ही में कैंटरबरी में अभ्यास सत्र के दौरान चोट लग गई थी।

चैपमैन ने अब तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह 32 वर्षीय बल्लेबाज भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर सकता है लेकिन फाउल्क्स की वापसी की कोई निश्चित समयसीमा नहीं है।ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को इन दोनों खिलाड़ियों के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।

यह काफी नहीं था तो शनिवार के लिए न्यूजीलैंड के लिए एक और बुरी खबर आ गई। टीम के प्रमुख गेंदबाज विल ओ रूर्क भी इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। खेल के सभी प्रारूप में खेलने वाले इस 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने पीठ में चोट के कारण सात महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के अंतिम दिन हालांकि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इसके बाद अभ्यास के दौरान उनकी पिंडली में चोट लग गई थी।

 न्यूजीलैंड की टी20 टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर।