लगातार दूसरी बार रन आउट हुए ईशान तो अभिषेक ने लगाई डांट (Video)

ENGvsIND भारत बनाम इंग्लैडं टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जब क्रीज पर आते साथ ईशान किशन रन आउट हो गए तो उन्हें अपने साथी अभिषेक शर्मा से डांट खानी पड़ी। यह स्टंप माइक के ऑडियो से पता चला कि अभिषेक ने ईशान से पूछा कि तू पहुंचा या नहीं पहुंचा जिसके जवाब में ईशान ने कहा पता नहीं मुझे। इस पर अभिषेक ने ईशान से कहा, क्या कर रहा है यार ईशान।


ईशान किशन तब क्रीज पर आए थे जब भारत संजू सैमसन (1रन ) का विकेट गंवाकर खतरे में था। महज 2 गेंद खेल ईशान किशन रन लेने चले यह देखे बिना कि मिड ऑन का फील्डर पास में ही खड़ा है। अभिषेक शर्मा ने जब तक मना किया तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी ईशान किशन डायरेक्ट हिट के जरिए रन आउट हो गए थे।

गौरतलब है कि बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग में ईशान किशन ने ही अभिषेक शर्मा को अपदस्थ करके नंबर 1 टी-20 बल्लेबाज बने थे।किशन (876 रैंकिंग अंक) के शीर्ष पर पहुंचने में इसी साल हुए टी20 विश्व कप में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की अहम भूमिका रही है। विश्व कप में बाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। उन्हें कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया था।

अभिषेक (869) लगभग 12 महीने तक शीर्ष पर रहे। किशन और अभिषेक से पहले भारतीय खिलाड़ियों में विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।