खुद स्वस्थ, कागजों में दिव्यांग, नौकरी के लिए 10 लाख का खेल, साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने वाला गिरोह बेनकाब, चार गिरफ्तार

IBPS Exam Fraud: कानपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कर नौकरी हासिल करने वाले गिरोह का सचेंडी पुलिस और एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। गिरोह स्वस्थ अभ्यर्थियों के फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाकर उन्हें दिव्यांग कोटे का लाभ दिलाता था। इसके बाद रुपये लेकर पेशेवर लेखक सहायक की व्यवस्था कर परीक्षा में उनकी जगह प्रश्नपत्र हल कराया जाता था। 22 अगस्त को बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान की प्रोबेशनरी अधिकारी व प्रबंधन प्रशिक्षु प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पुलिस ने चार आरोपितों को पकड़कर गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक आइपैड, आधार, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वाहन चालक प्रमाणपत्र, दो एटीएम कार्ड, 2,750 रुपये नकद, परीक्षा संबंधी दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।