J&K News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता दो SPO के शव बरामद! शरीर पर मिले गोलियों के निशान, सर्विस राइफलें गायब

J&K News: जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के इलाके दच्चन से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के शव गुरुवार (12 नवंबर) तड़के बरामद किए गए। दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार नहीं मिले हैं, जिससे घटना में संभावित आतंकी संलिप्तता का संदेह गहरा गया है। ऐसे में इलाके में आतंकियों की ओर से घात लगाकर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आतंकियों की संलिप्तता की संभावना की जांच की जा रही है। दोनों जवानों की तलाश के लिए सेना, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे। बुधवार को वे अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों जवानों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर मारवाह सेक्टर स्थित 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के टेम्पररी ऑपरेटिंग बेस (TOB) में लगाई गई थी। बुधवार को वे कियार से सेना की पोस्ट की ओर रवाना हुए थे। उन्हें वहां तैनात जवानों की जगह ड्यूटी संभालनी थी। लेकिन दोनों निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे।

जंगल में सुनाई दी थी गोलीबारी की आवाज

सूत्रों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे देहरना जंगल क्षेत्र के पास गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी थी। बताया गया कि जवानों के साथ जा रहे या उसी रास्ते से गुजर रहे पोर्टरों ने गोलीबारी की आवाज सुनी और सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी देने के लिए वापस लौटे। शुरुआत में आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती को देखते हुए गोलीबारी को फ्रेंडली फायर या आपसी गलतफहमी की घटना माना गया। हालांकि, दोनों SPO से संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद वे अपनी निर्धारित पोस्ट पर भी नहीं पहुंचे, तो उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

आतंकियों के घात लगाकर हमले की आशंका

अधिकारियों के अनुसार, आशंका है कि दूरदराज और दुर्गम इलाके में छिपे आतंकियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया हो। उनके लापता होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू किया। इस अभियान में सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और स्थानीय पुलिस की टीमें शामिल थीं। सुरक्षा बलों ने दच्छन इलाके के घने जंगलों और पहाड़ी रास्तों पर तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह दोनों जवानों के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए। दोनों के सर्विस हथियारों का गायब होना भी मामले को गंभीर बना रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।

किश्तवाड़ के दुर्गम इलाकों में जारी हैं सुरक्षा अभियान

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब किश्तवाड़ जिले में आतंकियों की मौजूदगी को खत्म करने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। जिले का पहाड़ी इलाका, घने जंगल और दूरदराज की बस्तियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इन क्षेत्रों में आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखना और तलाशी अभियान चलाना मुश्किल होता है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में किश्तवाड़ में आतंकी घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें चार आतंकी और सेना का एक जवान शामिल है। वहीं, 2025 में चार लोगों की जान गई थी, जिनमें तीन आतंकी और सेना का एक जवान था। 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हुई थी।

प्रशासन ने लोगों से की सुरक्षा एजेंसियों को सहयोग देने की अपील

इससे पहले 4 अक्टूबर को किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर पंकज कुमार शर्मा ने मारवाह, वारवान और दच्छन के लोगों से सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मारवाह, वारवान और दच्छन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। लेकिन सक्रिय आतंकियों की मौजूदगी उन प्रमुख कारणों में से एक है, जिसकी वजह से इन इलाकों में पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन और विकास को बढ़ावा देने के लिए शांति और सुरक्षा बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया था।

ये भी पढ़ें- Terror attack in Kulgam: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला! फायरिंग में 3 जवान घायल, इलाके में हाई अलर्ट