
AUSAvsINDA IPL के नामचीन खिलाड़ी जिनको भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहा जाता है उनकी कल ऑस्ट्रेलिया की ए टीम के गेंदबाजों के सामने कलई खुल गई जब यह टीम मात्र 149 रनों पर सिमट गई। टीम में प्रभसिमरन सिंह, देवदत्त पड्डीकल, सांई सुदर्शन, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जैसे बल्लेबाज थे लेकिन एकदिवसीय प्रारुप में वह कुछ ना कर सके। रजत पाटीदार ने अर्धशतक लगाकर थोड़ी बहुत इज्जत बचाई।
नाथन मैकस्वीनी के शानदार शतक और तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन की चार विकेट की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ए ने मंगलवार को तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे में भारत ए को 125 रन से हरा दिया।सिचेम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की टीम एक समय 87 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी।
इसके बाद मैकस्वीनी ने 135 गेंदों पर 123 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने कप्तान विल सदरलैंड के साथ छठे विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी की। सदरलैंड ने 68 गेंदों पर 77 रन बनाए। दोनों की पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ए ने 48.2 ओवर में 274 रन बनाए।
भारत ए के लिए सूर्यांश शेडगे ने 40 रन देकर चार विकेट चटकाए। यश ठाकुर ने 47 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि अरशद खान को 48 रन पर दो विकेट मिले।लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की शुरुआत बेहद खराब रही। 21 वर्षीय बियर्डमैन ने साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को आउट कर भारत ए का स्कोर चौथे ओवर तक 24 रन पर तीन विकेट कर दिया।
इसके बाद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर भारत ए को 58 रन पर चौथा झटका दिया।भारत ए की टीम 31.4 ओवर में 149 रन पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से रजत पाटीदार ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। यह उनका लिस्ट-ए क्रिकेट में 14वां अर्धशतक था। निशांत सिंधू ने 31 रन का योगदान दिया।सीरीज का दूसरा वनडे नौ अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा।

