
Share Market Weekly Report : भारतीय शेयर बाजार के लिए नवंबर का पहला हफ्ता तूफानी तेजी वाला है। दिवाली से पहले वाले कारोबारी हफ्ते में सेंसेक्स में 6569 अंकों की तूफानी तेजी दिखाई दी तो निफ्टी भी तेज रफ्तार से 1976 अंक चढ़ गया। सेंसेक्स 8 माह बाद 81 हजार के पार बंद हुआ तो निफ्टी भी 9 माह के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा अगला सप्ताह। ALSO READ: धनतेरस पर शेयर बाजार में पैसों की बरसात: सेंसेक्स बना रॉकेट और निफ्टी 25 हजार पार
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
सोमवार को सेंसेक्स 1233 अंक उछलकर 75693 पर पहुंचा, निफ्टी 387 अंक चढ़कर 23441 पर आ गया। मंगलवार को सेंसेक्स 1225 अंक बढ़कर 76918 पर पहुंचा, निफ्टी 370 अंक चढ़कर 23811 पर था। बुधवार को सेंसेक्स 384 अंक बढ़कर 77301 पर था वहीं निफ्टी 149 अंक चढ़कर 23961 पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स 2009 अंक बढ़कर 79310 पर पहुंच गया तो निफ्टी 576 अंकों की बढ़त के साथ 24537 पर था। शुक्रवार को कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन भी सेंसेक्स 1718 अंकों की तेजी के साथ 81028 पर बंद हुआ तो निफ्टी में 494 अंक बढ़कर 25000 के पार पहुंच गया।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल
अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों के परिणामों और वैश्विक राजनीतिक समीकरणों ने बाजार की धारणा को काफी प्रभावित किया। वैश्विक स्तर पर तनाव और अनिश्चितताओं में नरमी की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इसका सकारात्मक असर घरेलू बाजारों पर भी देखने को मिला। कंपनियों की मजबूत आय और बेहतर मुनाफे के चलते निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों (विशेषकर ऑटो, बैंकिंग और आईटी सेक्टर) में भारी लिवाली की।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी गिरावट ने भी भारतीय शेयर बाजारों को मजबूती दी। डॉलर के मुकाबले रुपए में भी मजबूती दर्ज की गई। पिछले महीनों में लगातार बिकवाली करने वाले विदेशी निवेशकों का रुख इस हफ्ते कुछ सकारात्मक हुआ। इसके साथ ही, घरेलू संस्थागत निवेशकों के मजबूत समर्थन से बाजार को लगातार निचले स्तरों पर सपोर्ट मिला और इंडेक्स लगातार मजबूत होते चले गए।
अमेरिकी शेयर बाजार में भारी तबाही
मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी की हार के चलते अमेरिकी शेयर बाजार में भारी तबाही हुई। एआई कंपनियों पर नियमन की आशंका के चलते अमेरिकी शेयर बाजार में निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। देखते ही देखते निवेशकों के 2.5 ट्रिलियन डॉलर डूब गए। एनविडिया के शेयरों में 4 फीसदी और स्पेस एक्स के शेयरों में 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। ALSO READ: मिडटर्म चुनाव में हार के बाद अमेरिकी शेयर बाजार धड़ाम, निवेशकों के 2.5 ट्रिलियन डॉलर डूबे, क्या बोले ट्रंप?
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा के अनुसार, अगला हफ्ता ईरान के प्रति ट्रंप के रवैये के साथ ही क्रूड की चाल और एफआईआई की बाइंग पर भी निर्भर करेगा। अगर ट्रंप ने ईरान पर हमला किया तो क्रूड फिर 100 डॉलर के पार हो जाएगा। इस स्थिति में बाजार में मुनाफा वसूली हो सकती है। AI कंपनियों को लेकर डेमोक्रेट्स सख्ती दिखा सकते हैं। इसका फायदा भी भारतीय आईटी कंपनियों को मिल सकता है। निफ्टी ऊपर में 25400 से 25500 तक जा सकता है, नीचे में इसके 24200 से 24300 तक आने की संभावना है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।


