दिल्ली के 1000 बड़े पार्कों की बदलेगी सूरत! एंट्री-एग्जिट पर लगेंगे CCTV, दो शिफ्टों में तैनात होंगे 2000 गार्ड्स

दिल्ली के बड़े पार्कों की सुरक्षा बेहतर करने के लिए MCD (Municipal Corporation of Delhi) ने योजना तैयार की है। इसके तहत राजधानी के करीब 1,000 बड़े पार्कों में CCTV कैमरे लगाने और सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने की तैयारी है। इससे पार्कों में आने वाले लोगों की सिक्योरिटी बढ़ाने और सेंसेटिव एक्टिविटी पर नजर रखने में मदद मिल सकती है।

पार्कों में इस तरह किये जायेंगे सुरक्षा के इंतजाम

• MCD के अधिकारियों के मुताबिक, उनके अधिकार क्षेत्र में एक एकड़ या उससे ज्यादा एरिया में 1,000 पार्क हैं। इन बड़े पार्कों के आने और जाने वाले रास्तों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। जिससे वहां होने वाली एक्टिविटी पर नजर रखी जा सकेगी।

• इसके साथ ही कैमरों की देखभाल और खराब होने पर उन्हें ठीक करने का खर्च भी MCD को उठाना होगा।

• पार्कों की सुरक्षा के लिए करीब 2,000 गार्ड की जरूरत पड़ सकती है। दो पालियों में सुरक्षा व्यवस्था चलाने के लिए इन गार्डों को तैनात किया जा सकता है।

• नए गार्ड रखने या सुरक्षा कर्मचारियों की दूसरी व्यवस्था करने के लिए अलग बजट की जरूरत होगी। इसके साथ ही गार्डों की तनख्वाह और दूसरे खर्च भी लगातार होंगे।

रोशनी और बाउंड्री वॉल पर भी ध्यान दिया जायेगा

MCD की योजना में पार्कों की दूसरी सुरक्षा कमियों को दूर करना भी शामिल है। कई पार्कों में खराब लाइट, अंधेरे हिस्से, टूटी बाउंड्री, खराब गेट और ज्यादा झाड़ियां जैसी समस्याएं हैं। इन वजहों से पार्क के कुछ हिस्सों में साफ दिखाई नहीं देता।

MCD पार्कों की सुरक्षा जांच भी कर रही है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किस पार्क में लाइट, बाउंड्री, गेट या दूसरी सुरक्षा व्यवस्था की ज्यादा जरूरत है।

सुरक्षा पर लगातार नजर रखने के लिए खर्च होगा

इस योजना में CCTV लगाने के साथ उनकी बिजली, देखभाल और मरम्मत पर भी खर्च होगा। इसी तरह करीब 2,000 गार्ड रखने पर हर साल उनकी तनख्वाह और दूसरे खर्च का बोझ भी MCD पर आएगा।

MCD इस योजना के लिए दिल्ली सरकार से आर्थिक मदद मांग सकती है। इसके बाद यह तय होगा कि सुरक्षा व्यवस्था पर कितना खर्च किया जाएगा और इसे किस तरह धीरे-धीरे लागू किया जाएगा।

दिल्ली से शुभांगी तिवारी की रिपोर्ट