भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ा एक्शन लिया है। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमाली समुद्री लुटेरों के कब्जे से एक ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज को छुड़ा लिया है। वहीं नौसेना ने जहाज के सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया है। 20 क्रू मेंबर्स को छूड़ाने का ये मिशन करीब 48 घंटे तक चला। अधिकारियों के मुताबिक, ‘अजिनी’ नाम के इस जहाज को समुद्री लुटेरों ने 29 अक्टूबर को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट पर बंदर बेला और हफुन शहरों के बीच अगवा कर लिया था। भारतीय नौसेना ने 2 नवंबर को अपना बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया और सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
ये ऑपरेशन मुंबई से 3,000 किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्र में चलाया गया। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल बचाव अभियान के लिए भारतीय नौसेना की तारीफ करते हुए उसे बधाई दी।
48 घंटे तक चला मिशन
इस पूरे बचाव अभियान की कमान भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS कोलकाता ने संभाली। इस मिशन में नौसेना के एक लंबी दूरी तक निगरानी करने वाले विमान ने भी मदद की। खास बात यह है कि INS कोलकाता इसी साल सितंबर में भी चर्चा में आया था, जब एक पाकिस्तानी जहाज उससे टकरा गया था। सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना ने इस पूरे अभियान के दौरान 48 घंटे तक लगातार निगरानी रखी और समुद्री लुटेरों पर दबाव बनाए रखा। इस मिशन में INS कोलकाता के साथ P-8I समुद्री निगरानी विमान और MQ-9 जैसे आधुनिक ड्रोन की मदद ली गई। इसके अलावा, भारतीय वायुसेना के C-17 विमान के जरिए मरीन कमांडो को भी विशेष तरीके से मौके पर पहुंचाया गया, ताकि बचाव अभियान को सफल बनाया जा सके।
My congratulations to Indian Navy for successfully executing a meticulously coordinated 48-hour operation to rescue all 20 crew members of the pirated fishing vessel, Azini, more than 3000 km from Mumbai in the Arabian Sea, on 02 Nov 26.
The swift localisation, interception and safe release of the crew and vessel from significantly-armed pirates, with timely support from the Indian Air Force, speak well of the Indian Navy’s high operational readiness and ability to respond decisively to maritime threats across the region.
Our brave personnel have once again demonstrated India’s ability, intent and resolve to safeguard lives, uphold maritime security and ensure stability across the Indian Ocean Region.
India continues to stand resolute in ensuring SAFE SEAS and a free, open and secure Indian Ocean Region.
IndianNavy IndianAirForce SafeSeas
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) November 2, 2026
रक्षा मंत्री ने दी बधाई
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल बचाव अभियान के लिए भारतीय नौसेना की तारीफ करते हुए उसे बधाई दी। उन्होंने इस मिशन को बेहद सावधानी और बेहतर तालमेल के साथ पूरा किया गया ऑपरेशन बताया। साथ ही, उन्होंने पूरे अभियान के दौरान भारतीय वायुसेना की ओर से मिले सहयोग की भी सराहना की। सिंह ने X पर एक पोस्ट में कहा, “2 नवंबर 2026 को अरब सागर में मुंबई से 3,000 किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ के सभी 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाने के लिए 48 घंटे तक चले बेहद सावधानीपूर्वक और बेहतर तालमेल वाले ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करने पर मैं भारतीय नौसेना को बधाई देता हूं।”
समुद्री खतरों से निपटने की पूरी क्षमता
रक्षा मंत्री ने भारतीय नौसेना की तैयारियों की तारीफ करते हुए कहा कि नौसेना ने तेजी से जहाज का पता लगाया और उसे रोक लिया। सिंह ने कहा, “भारतीय वायुसेना से समय पर मिली मदद के साथ नौसेना ने तेजी से जहाज का पता लगाया और उसे रोककर भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के कब्जे से क्रू मेंबर्स और जहाज को सुरक्षित छुड़ा लिया। यह भारतीय नौसेना की मजबूत तैयारियों और पूरे क्षेत्र में समुद्री खतरों से निपटने की उसकी क्षमता को दर्शाता है।”
सिंह ने कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने एक बार फिर दिखाया है कि भारत लोगों की जान बचाने, समुद्र की सुरक्षा बनाए रखने और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत सुरक्षित समुद्र और एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को बनाए रखने के लिए हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा।

