अमेरिका में सोमवार को लाखों लोगों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं अटक गईं। देश के सबसे बड़े बैंक जेपीमॉर्गन चेस के सिस्टम में आए सॉफ्टवेयर बग ने चेस के साथ-साथ बैंक ऑफ अमेरिका, वेल्स फार्गो, यूएस बैंक और जेल के कस्टमर्स को भी परेशान कर दिया। लोगों को ऑनलाइन अकाउंट खोलने, बैलेंस देखने, पेमेंट भेजने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में दिक्कत हुई। कई लोगों को चेस ऐप में मैसेज मिला- “कुछ सेवाएं अभी उपलब्ध नहीं हैं, हम उन पर काम कर रहे हैं। कृपया कुछ देर बाद ट्राय करें।” चेस ने X पर एक पोस्ट में बताया कि उसके अंदरूनी हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर बग के कारण लेनदेन में देरी हुई। यह साइबर हमला नहीं था। 5 दिन में तीसरी बार अमेरिका ठप 5 दिन में यह तीसरा मौका है, जब अमेरिका जैसे देश में कामकाज ठप होने की नौबत आई है। इससे पहले 12 नवंबर को मॉइक्रोसॉफ्ट 365 नेटवर्क कैपेसिटी अपग्रेड में आई गड़बड़ी से आउटलुक, टीम्स, कोपायलट ठप हो गया था। इसका 74 देशों में असर देखा गया। आउटलुक से जुड़ी करीब 1.38 लाख शिकायतें सामने आईं। 36 घंटे बाद सिस्टम दोबारा सही हो सका। तब तक ऑफिस, स्कूल, सरकारी दफ्तर सब ठप रहे। इसके ठीक दूसरे दिन, 13 नवंबर को अमेरिकी एविएशन को ग्राउंड स्टॉप से जूझना पड़ा। पुरानी कॉपर लाइन की जगह फाइबर केबल लगाते समय राउटर ने सिस्टम को फ्लड कर दिया। देशभर में करीब 5 घंटे कोई फ्लाइट नहीं उड़ी। 9/11 के बाद सबसे लंबा ग्राउंड स्टॉप था। 3 दिन में 17,000+ फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ीं। 15 लाख से ज्यादा यात्री फंसे रहे। अकेले जेपीमॉर्गन चेस के 8.6 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स चेस अमेरिका के 8.6 करोड़ से ज्यादा कस्टमर्स को सर्विस देता है। इसकी 5000 ब्रांच हैं और अमेरिका के कुल डिपॉजिट का 10% से ज्यादा हिस्सा उसके पास है। इसलिए सिर्फ 5,000 शिकायतों से असल असर का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि उन्हें ब्रांच में भी चेक कैश कराने, ATM कार्ड चलाने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में दिक्कत हो रही है।
Latest News

