
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दीपोत्सव-2026 ने एक बार फिर अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई और भव्य पहचान दिलाई है। 30 लाख से अधिक दीपों की अलौकिक आभा, 2100 ड्रोन के भव्य शो, देश-विदेश से आए कलाकारों की सांस्कृतिक रामलीलाओं और लाखों श्रद्धालुओं की भक्तिमयी उपस्थिति ने इस आयोजन को स्वर्णिम बना दिया।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड उछाल
पर्यटन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल 1 से 7 नवंबर के बीच अयोध्या में रिकॉर्ड 15 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा करीब आठ लाख था। रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी दोगुनी होकर 10 लाख के पार पहुंच गई। पर्यटकों ने अयोध्या में प्रवास अवधि बढ़ाई, जिससे होटल और होमस्टे कारोबार में 120% से 130% तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
परंपरा को मिला वैश्विक विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में दीपोत्सव की दस वर्षों की यात्रा ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है। दक्षिण अफ्रीका, लाओस, श्रीलंका, अर्जेंटीना, रूस और अमेरिका के कलाकारों एवं अतिथियों ने रामकथा की वैश्विक स्वीकार्यता को साबित किया। अयोध्या की 151 वर्ष पुरानी रामलीला विरासत और स्थानीय कलाकारों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर सकारात्मक असर
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, दीपोत्सव केवल एक धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय आजीविका और रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बन चुका है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 5 दिवसीय दीपोत्सव अवधि में स्थानीय अर्थव्यवस्था को 55 करोड़ से अधिक का सीधा आर्थिक लाभ हुआ।
अयोध्या के व्यवसायियों की जुबानी
’वेबदुनिया’ की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार प्रसाद, माला, श्रृंगार, रेस्टोरेंट, होटल, ट्रैवल, कैब और ई-रिक्शा चालकों की दैनिक आय में 5 गुना तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राघव (होटल व रेस्टोरेंट संचालक) के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की भारी आमद रही। अयोध्या का नाम वैश्विक पटल पर आने से यहाँ की पूरी इकॉनमी को नया बूस्ट मिला है। छोटू कौशल (पीतल मूर्ति व्यवसायी) ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और दीपोत्सव के बाद अयोध्या पूरी तरह चमक गई है। इस चौतरफा विकास और तरक्की का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को जाता है।
प्रसाद व्यवसायी बजरंगी गुप्ता के अनुसार, वर्ष 2017 से शुरू हुए दीपोत्सव ने अयोध्या के व्यापार को 10 गुना तक बढ़ा दिया है। विदेशी पर्यटक रुक रहे हैं और स्थानीय व्यापार फल-फूल रहा है। सूरज (चाय व्यवसायी) ने वेबदुनिया को बताया कि इस दीपोत्सव में इतनी भारी भीड़ आई जिसकी कोई गिनती नहीं। चाय और छोटे स्टॉल से लेकर बड़े व्यापारियों तक सभी का काम बहुत शानदार चला।
अंशु गोयल (दवा व्यवसायी) के मुताबिक, राम मंदिर बनने के बाद से हर साल व्यापार में 10% से 15% की लगातार वृद्धि हो रही है। आज पूरे देश के बड़े व्यवसायी अयोध्या में आकर बसना और व्यापार करना चाहते हैं। सरदार सतनाम सिंह (प्रोपराइटर, बाबा एजेंसी) ने बताया कि पहले अयोध्या के लोग बाहर काम की तलाश में जाते थे, लेकिन आज स्थितियाँ बदल चुकी हैं—बाहर के लोग अयोध्या में व्यापार करने आ रहे हैं। यह सब मुख्यमंत्री योगी जी के व्यक्तिगत मार्गदर्शन और निरंतर दौरों का परिणाम है।


