कुलगाम मुठभेड़ में संदिग्ध आतंकी ढेर

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध आतंकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

मृत आतंकवादी की पहचान अभी नहीं हो पायी है। इलाके में अभियान जारी है। मुठभेड़ लारू गांव में उस समय शुरू हुई, जब सुरक्षा बल इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान चला रहे थे। घेराबंदी को मजबूत करने और किसी भी व्यक्ति को वहां से भागने से रोकने के लिए अतिरिक्त बलों को मौके पर भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है और सुरक्षा बल कार्रवाई में जुटे हैं, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने के संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।

Also Read : कर्नाटक विधान परिषद के 4 नए सदस्यों ने ली शपथ

कश्मीर पुलिस क्षेत्र ने इससे पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कुलगाम में मुठभेड़ शुरू हो गयी है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल कार्रवाई में जुटे हैं। आगे की जानकारी दी जायेगी।

यह मुठभेड़ रविवार को शुरू किये गये घेराबंदी और तलाश अभियान के दौरान हुई। यह अभियान सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया था।

पिछले सप्ताह कुलगाम में हुई एक मुठभेड़ के दौरान सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गये थे। इनमें से एक की हालत गंभीर बतायी गयी थी। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए कुलगाम जिले में कई तलाशी अभियान शुरू किये थे।

Pic Credit : UNI