Dividend Stock: जॉकी वाली कंपनी हर शेयर पर देगी ₹150 का शानदार डिविडेंड, रिकॉर्ड डेट 18 नवंबर

पेज इंडस्ट्रीज अपने शेयरहोल्डर्स को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 150 रुपये प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 18 नवंबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। डिविडेंड का पेमेंट पात्र शेयरहोल्डर्स को 11 दिसंबर को या उससे पहले कर दिया जाएगा।

इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 200 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी ने 4 बार में 550 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड बांटा था। पेज इंडस्ट्रीज गारमेंट और अपैरल सेक्टर की कंपनी है। यह इनरवियर, लाउंजवियर, स्विमवियर आदि बनाती और बेचती है। जॉकी और स्पीडो इसी के ब्रांड हैं। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।

Page Industries का शेयर एक साल में 20 प्रतिशत लुढ़का

कंपनी के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 31399.65 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 35000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक साल में 20 प्रतिशत कमजोर हो चुका है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 42.89 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। HSBC ने पेज इंडस्ट्रीज के शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन टारगेट प्राइस घटाकर 43,870 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने FY27-FY29 के लिए प्रति शेयर कमाई (EPS) के अनुमानों को 1-3 प्रतिशत कम कर दिया है।

नोमुरा ने भी पेज इंडस्ट्रीज पर ‘बाय’ रेटिंग बनाए रखी है और टारगेट प्राइस 41,000 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में डबल-डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ का अपना गाइडेंस बरकरार रखा है। सिटी ने भी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है लेकिन टारगेट प्राइस 46,500 रुपये से घटाकर 37,300 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने पेज इंडस्ट्रीज के लिए FY27-29 को लेकर रेवेन्यू का अनुमान 2-3 प्रतिशत और EPS अनुमान 2-5 प्रतिशत घटा दिया है।

Sheetal Cool Products: साल 2026 में अब तक पैसा किया डबल, अब 2 टुकड़ों में बंटेगा स्टॉक, फिर 5 नए शेयर मिलेंगे फ्री

सितंबर तिमाही में कैसा रहा बिजनेस

जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में पेज इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 202.54 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 194.76 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 11.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1439.61 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। सितंंबर 2025 तिमाही में यह 1290.86 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 1182.24 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1049.27 करोड़ रुपये के थे।

सितंबर 2026 तिमाही में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत बढ़कर 300.2 करोड़ रुपये हो गई। ऑपरेटिंग मार्जिन 80 बेसिस पॉइंट्स घटकर 20.8 प्रतिशत पर आ गया।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।