सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का आगाज आज 14 नवंबर से हो गई है। वहीं इस सीरीज में महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर लिया है। उन्होंने शनिवार (14 नवंबर) को पुरुषों के T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र के कप्तान बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और इतिहास रच दिया। इस तरह वह महज 15 साल की उम्र में वह दुनिया के सबसे कम उम्र के T20 कप्तान बन गए।
वैभव बने टीम के कप्तान
शनिवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में सौराष्ट्र के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप B मुकाबले में उन्होंने बिहार की कप्तानी की। मैच में वैभव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इस तरह इतनी कम उम्र में टीम की कमान संभालकर उन्होंने क्रिकेट जगत में एक नया रिकॉर्ड बना दिया। वहीं मुकाबले में वैभव कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। वैभव 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए।
इससे पहले किसके नाम था ये रिकॉर्ड
इससे पहले पुरुषों के T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम दर्ज था। उन्होंने 7 अगस्त 2025 को जाग्रेब में साइप्रस के खिलाफ पहली बार अपनी टीम की कप्तानी की थी। उस समय उनकी उम्र 17 साल और 311 दिन थी। अब वैभव सूर्यवंशी ने उनसे कम उम्र में कप्तानी कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
पुरुषों के T20 मैच में सबसे कम उम्र के कप्तान
| खिलाड़ी | देश | टीम | उम्र | किसके खिलाफ | स्थान | तारीख |
| वैभव सूर्यवंशी | भारत | बिहार | 15 साल, 232 दिन | सौराष्ट्र | इंदौर | 14 नवंबर, 2026 |
| जैक वुकुसिक | क्रोएशिया | क्रोएशिया | 17 साल, 311 दिन | साइप्रस | ज़ाग्रेब | 7 अगस्त, 2025 |
| तैमूर अली | पाकिस्तान | क्वेटा बियर्स | 17 साल, 358 दिन | फैसलाबाद वॉल्व्स | लाहौर | 25 मई, 2009 |
| लक्ष बकरानिया | तंजानिया | तंजानिया | 18 साल, 5 दिन | केन्या | हरारे | 4 अक्टूबर, 2025 |
| नोमान अमजद | फ्रांस | फ्रांस | 18 साल, 24 दिन | चेक गणराज्य | केरावा | 24 जुलाई, 2022 |
| जॉर्ज वान हीर्डन | दक्षिण अफ्रीका | दक्षिण अफ्रीका U19 | 18 साल, 27 दिन | ईस्टर्न्स | ब्लूमफ़ोन्टेन | 8 अक्टूबर, 2021 |
| महिपाल लोमरोर | भारत | राजस्थान | 18 साल, 67 दिन | झारखंड | कोलकाता | 22 जनवरी, 2018 |
| रोहेल नजीर | पाकिस्तान | नॉर्दर्न (पाकिस्तान) | 18 साल, 130 दिन | मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब | लाहौर | 17 फरवरी, 2020 |
| दिनेश चांदीमल | श्रीलंका | स्कूल्स इनविटेशन XI | 18 साल, 151 दिन | बास्नाहिरा साउथ | कोलंबो | 17 अप्रैल, 2008 |
भारत के इस खिलाड़ी के नाम था ये रिकॉर्ड
वहीं वैभव सूर्यवंशी से पहले सबसे कम उम्र में पुरुषों के T20 मैच में कप्तानी करने वाले भारतीय खिलाड़ी महिपाल लोमरोर थे। उन्होंने 22 जनवरी 2018 को कोलकाता में झारखंड के खिलाफ राजस्थान टीम की कमान संभाली थी। उस समय उनकी उम्र 18 साल और 67 दिन थी। अब वैभव ने उनसे भी कम उम्र में कप्तानी कर यह भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

