आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्र सरकार के एंप्लॉयीज के साथ-साथ रिटायर हो चुके कर्मचारियों के मन में भी कई सवाल हैं। बड़ा सवाल यह है कि अगर कोई कर्मचारी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से पहले रिटायर हो जाता है तो क्या उसे बढ़ी हुई सैलरी का एरियर और संशोधित पेंशन का लाभ मिलेगा? क्या जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके एंप्लॉयीज की पेंशन बढ़ जाएगी ?
1 जनवरी, 2026 से लागू हो सकती है रिपोर्ट
उम्मीद है कि सरकार संशोधित वेतन ढांचे को 1 जनवरी 2026 से लागू करेगी। अगर कोई एंप्लॉयी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें औपचारिक रूप से लागू होने से पहले रिटायर हो जाता है, तो भी उससे एरियर का फायदा मिल सकता है। इसे एक उदाहरण से समझते हैं।
रिटायर्ड एंप्लॉयीज को मिल सकता है एरियर
मान लीजिए कोई कर्मचारी 2027 में रिटायर होता है और सरकार बाद में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से पिछली तारीख से लागू करने का फैसला करती है। ऐसी स्थिति में संबंधित कर्मचारी को 1 जनवरी 2026 से रिटायरमेंट की तारीख तक की अवधि के लिए पुरानी और संशोधित सैलरी के बीच का अंतर यानी एरियर मिल सकता है।
आयोग पेंशन से जुड़े मसलों की भी समीक्षा करेगा
हालांकि, यह पूरी तरह सरकार के अंतिम आदेश और एरियर भुगतान की शर्तों पर निर्भर करेगा। सिर्फ प्रभावी तारीख तय होने से सभी कर्मचारियों की पात्रता अपने आप स्पष्ट नहीं हो जाएगी। 8वें वेतन आयोग के दायरे में पेंशन से जुड़े मामलों की समीक्षा भी शामिल है।
REWA ने सितंबर को प्रधानमंत्री को लिखा थे लेटर
अगर सरकार आयोग की पेंशन बढ़ाने संबंधी सिफारिशों को स्वीकार करती है तो पहले से रिटायर हो चुके कर्मचारियों को भी बढ़ी हुई मासिक पेंशन का लाभ मिल सकता है। रिटायर्ड एंप्लॉयीज वेलफेयर एसोसिएशन (REWA) ने सितंबर 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 8वें वेतन आयोग के दायरे में रिटायर हो चुके कर्मचारियों को भी शामिल करने की मांग की थी।
आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में बदलाव की मांग
एसोसिएशन ने आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में बदलाव करने की मांग की है, ताकि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके पेंशनभोगियों और फैमिली पेंशन पाने वालों को भी पेंशन संशोधन की प्रक्रिया में स्पष्ट रूप से शामिल किया जा सके। इस मांग के पीछे उन पेंशनर्स की चिंता है, जिन्हें आशंका है कि रिटायरमेंट की तारीख के कारण वे नए वेतन आयोग के लाभ से वंचित न रह जाएं।
पेंशनर्स को आधिकारिक फैसले का करना होगा इंतजार
8वें वेतन आयोग का फायदा उन कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को किस तरह मिलेगा, जो इसकी सिफारिशें लागू होने से पहले रिटायर हो चुके हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। एरियर और संशोधित पेंशन की पात्रता आयोग की सिफारिशों, सरकार की मंजूरी और अंतिम इम्प्लीमेंटेशन ऑर्डर पर निर्भर करेगी। इसलिए रिटायर होने वाले कर्मचारियों और मौजूदा पेंशनभोगियों के लिए सरकार के आधिकारिक फैसले का इंतजार करना जरूरी है।

