
Kangana Ranaut FIR: सोनिया गांधी की हालिया पुस्तक के विमोचन के बाद से शुरू हुआ राजनीतिक घमासान अब कानूनी पचड़े में बदल गया है। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा गांधी परिवार को निशाना बनाकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ा एक्शन लिया गया है। शिमला में उनके खिलाफ आधिकारिक तौर पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। ALSO READ: सोनिया गांधी की किताब पर क्यों मचा है बवाल, सोशल मीडिया में छिड़ी बहस, लेखक से लेकर आम यूजर्स हुए आमने- सामने
कंगना रनौत ने गांधी परिवार को टारगेट करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था। जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटों संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर बेहद भड़काऊ बातें कही गई थीं।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है, जिसकी अब गहनता से जांच की जाएगी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को ईमेल के जरिए भेजी गई अपनी शिकायत में यह मामला दर्ज कराया था। उन्होंने अपनी शिकायत में रनौत के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर तय समय-सीमा के भीतर साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, धारा 353 और धारा 356 के तहत केस दर्ज किया है। उन पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता और वैमनस्य को बढ़ावा देना, सार्वजनिक शांति भंग करने या डर/दहशत फैलाने के इरादे से गलत जानकारी प्रसारित करना और मानहानि संबंधी धाराएं लगाई गई हैं।
क्या है शिकायतकर्ता का आरोप?
शिकायत के अनुसार, 10 नवंबर को कंगना रनौत ने अपने वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटों संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को लेकर बेहद भड़काऊ और संवेदनशील टिप्पणियां की गईं। ALSO READ: कंगना रनौत का बड़ा हमला, सोनिया गांधी की राजनीतिक एंट्री और मेनका गांधी को घर से निकालने पर उठाए सवाल
पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को एक ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ के रूप में बताया गया और दावा किया गया कि जब उनके रिश्तेदारों की एक-एक करके हत्याएं हो रही थीं, तब वह एक विदेशी कैफे में मौजूद थीं। इसके बाद उनके देश की मुखिया बनने और एक चौंकाने वाली टिप्पणी का दावा किया गया।
पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी को अचानक पारिवारिक आवास से बाहर निकाल दिया गया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह के बयानों और झूठी धारणाओं के प्रचार-प्रसार से समाज में वैमनस्य फैलने, डर का माहौल बनने और सार्वजनिक शांति व सुरक्षा के खतरे में पड़ने की पूरी आशंका है। फिलहाल, पुलिस मामले की तकनीकी और कानूनी पहलुओं से जांच कर रही है।


