पाकिस्तान ने मंगलवार को अमेरिका के एक डिपोर्टेशन विमान को अपने यहां उतरने की इजाजत नहीं दी। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस विमान में 9 ईरानी नागरिक सवार थे, जिन्हें पाकिस्तान के रास्ते ईरान भेजा जाना था। इजाजत नहीं मिलने पर विमान अमेरिका के एरिजोना लौट आया। इसके बाद सभी ईरानियों को दोबारा इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। उड़ान भरने के 30 मिनट बाद ही विमान लौटा मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स फर्स्ट के मुताबिक, ICE का एक छोटा निजी विमान मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एरिजोना के मेसा शहर से रवाना हुआ था। इसमें 17 लोगों के बैठने की जगह थी। लेकिन उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद ही विमान वापस लौट आया और मेसा में उतर गया। संगठन ने बताया कि पिछले एक साल में ICE की उड़ानों में से बहुत कम विमान ऐसे थे, जो उड़ान भरने के बाद वापस लौटे। पहले भी 8 ईरानियों वाले विमान की उड़ान रद्द हुई थी ईरानी अमेरिकन लीगल डिफेंस फंड के मुताबिक, एरिजोना के ICE सेंटर में बंद ईरानी नागरिकों को एक सरकारी अधिकारी ने बताया था कि उन्हें पहले पाकिस्तान ले जाया जाएगा। वहां से उन्हें ईरान भेज दिया जाएगा। इस संगठन की कार्यकारी निदेशक यास्मीन चुबिन ने बताया कि रविवार को भी कम से कम 8 ईरानियों को विमान में बैठाया गया था। हालांकि, बाद में बिना कोई वजह बताए उड़ान रद्द कर दी गई। पाकिस्तान के रास्ते भेजे जा रहे अफगान और ईरानी नागरिक ट्रम्प सरकार इस महीने कम से कम दो अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। इनके तहत अफगानिस्तान और ईरान के उन नागरिकों को वापस भेजा जाएगा, जिन्हें सीधे उनके देश नहीं भेजा जा सकता। यही कारण है कि इन्हें पाकिस्तान के रास्ते भेजने की योजना है। इस व्यवस्था को लेकर इमिग्रेशन अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों और वकीलों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान ऐसे लोगों को उन देशों तक पहुंचाने में मदद कर रहा है, जहां लौटने पर उन्हें उत्पीड़न का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका पर शरण मांगने वालों की जानकारी साझा करने का आरोप ईरानी अमेरिकन लीगल डिफेंस फंड ने इस साल गर्मियों में ट्रम्प सरकार के खिलाफ केस किया था। संगठन का आरोप है कि अमेरिका ने ईरान से शरण मांगने वाले लोगों की निजी जानकारी वहां की सरकार को दी। इससे दर्जनों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इनमें ईसाई बन चुके लोग, LGBTQ+ समुदाय के सदस्य और ईरान सरकार के विरोधी शामिल हैं। इनमें से कई लोग 2022 में ईरान सरकार के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में शामिल हुए थे। अक्टूबर में सुनवाई के दौरान ICE के दो अधिकारियों ने बताया था कि ईरान के साथ युद्ध शुरू होने के बाद भी वे वहां के राजनयिकों के संपर्क में थे। हालांकि, उन्होंने शरण मांगने वालों की निजी जानकारी साझा करने की बात से इनकार किया था। अमेरिका बोला- इनमें से कुछ के आपराधिक रिकॉर्ड भी अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने बताया कि विमान में कुछ ऐसे लोग भी थे, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड था। सभी के खिलाफ अमेरिका से बाहर भेजने के अंतिम आदेश जारी हो चुके थे। विभाग ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन बड़े पैमाने पर डिपोर्टेशन अभियान चला रहा है। इसके लिए कानून के तहत मिलने वाले सभी विकल्पों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। ————————– यह खबर भी पढ़ें… ईरान ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी दिखाई: बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ लॉन्चर भी मौजूद; हमलों के बावजूद 90% ठिकाने अब भी चालू ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इसमें बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उन्हें लॉन्च करने वाले सिस्टम भी रखे दिखाई दिए। पूरी खबर पढ़ें…

