एनएलएमसी ने प्रयागराज में 11 सरकारी फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए प्रक्रिया शुरू की

केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तीन स्थापित आवासीय योजनाओं में मौजूद 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रोपोजल (आरएफपी) जारी करने की घोषणा की है।

यह ई-नीलामी नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन (एनएलएमसी) द्वारा की जा रही है, जो केंद्र सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है और वित्त मंत्रालय के अंतर्गत ‘लोक उद्यम विभाग’ के प्रशासनिक नियंत्रण में आती है।

प्रस्तावित ई-नीलामी में प्रयागराज की तीन हाउसिंग स्कीमों में स्थित 11 तैयार आवासीय फ्लैट शामिल हैं। इनमें दो-बेडरूम और तीन-बेडरूम वाली आवासीय इकाइयां शामिल हैं।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ये संपत्तियां ऐसे स्थापित आवासीय इलाकों में स्थित हैं, जहां से शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं।

Also Read : दिल्ली हाट शिल्प समागम मेले में 55 लाख से अधिक की बिक्री

‘जूही आवासीय योजना’ में दो-बेडरूम वाले पांच फ्लैट उपलब्ध हैं। इनका बिल्ट-अप एरिया लगभग 107 से 108 वर्ग मीटर के बीच है। यह मुइर रोड पर स्थित है।

‘परिवर्तन आवासीय योजना’ के चार फ्लैटों में दो-बेडरूम और तीन बेडरूम वाले फ्लैट हैं जिनका एरिया लगभग 106 से 139 वर्ग मीटर के बीच है। यह थॉर्नहिल रोड पर स्थित है।

‘अग्निपथ आवासीय योजना’ में तीन-बेडरूम वाले दो फ्लैट हैं। इनका बिल्ट-अप एरिया लगभग 96 और 112 वर्ग मीटर है। यह सिविल लाइंस में टी.बी. सप्रू रोड पर स्थित है।

ई-नीलामी के लिए आरएफपी 05 नवंबर को जारी किया गया था। नीलामी प्रक्रिया, पात्रता की शर्तों, जरूरी दस्तावेजों, भुगतान के तरीकों और आरएफपी के अन्य प्रावधानों के बारे में स्पष्टीकरण पाने का मौका देने के लिए 20 नवंबर को सुबह 11 बजे एक ‘बोली-पूर्व बैठक’ आयोजित की जाएगी।

आरएफपी, संपत्ति का विस्तृत विवरण, पात्रता मानदंड, बयाना राशि से जुड़े नियम, बोली लगाने की प्रक्रिया और अन्य शर्तें ई-नीलामी पोर्टल पर देखी जा सकती हैं। पंजीकरण और बयाना राशि जमा करने की अंतिम तिथि 07 दिसंबर 2026 (शाम 5:00 बजे तक) है। ई-नीलामी 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

Pic Credit : UNI