Noida Metro Extension: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खुशखबरी है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) की एक्वा लाइन के विस्तार का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। दिग्गज इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को इस परियोजना के निर्माण का ठेका मिला है। इसके तहत कुल 15.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के तहत 10 नए स्टेशन तैयार होंगे। यह विस्तार बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 और डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक होगा। परियोजना को 36 महीने यानी तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हमारे सहयोगी ‘न्यूज 18’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का यह विस्तार दिल्ली-NCR में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ निर्माण पूरा होने और मेट्रो सेवाएं शुरू होने के बाद ही मिल सकेगा।
L&T को मिला नोएडा मेट्रो के विस्तार का ठेका
नोएडा मेट्रो के विस्तार से जुड़े इस प्रोजेक्ट के लिए L&T के हेवी सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार को NMRC से ऑर्डर मिला है। कंपनी ने 9 नवंबर 2026 को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। परियोजना में एलिवेटेड वायाडक्ट के डिजाइन और निर्माण के साथ 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों का निर्माण और उनकी आर्किटेक्चरल फिनिशिंग भी शामिल है।
कंपनी ने इस ऑर्डर को ‘सिग्निफिकेंट’ कैटेगरी में रखा है। L&T के अनुसार, इस कैटेगरी के ऑर्डर का मूल्य 1,000 करोड़ से 2,500 करोड़ रुपये के बीच होता है। यानी कंपनी ने सटीक कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू सार्वजनिक नहीं की है। लेकिन इसका अधिकतम मूल्य 2,500 करोड़ रुपये तक हो सकता है।
दो अलग-अलग रूट पर होगा मेट्रो का विस्तार
इस परियोजना में दो महत्वपूर्ण हिस्से शामिल हैं। दोनों को मिलाकर 15.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर तैयार किया जाएगा:-
1. बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142
- इस हिस्से में बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से नोएडा सेक्टर-142 तक एक्वा लाइन का विस्तार किया जाएगा। यह करीब 11.56 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा। इसमें आठ नए एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
2. डिपो स्टेशन से बोड़ाकी
- दूसरे हिस्से में ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन से बोड़ाकी मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक करीब 2.6 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस रूट पर दो नए स्टेशन होंगे।
- इस तरह दोनों परियोजनाओं को मिलाकर कुल 10 नए स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
बॉटनिकल गार्डन बनेगा बड़ा इंटरचेंज स्टेशन
- इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण फायदा नोएडा के सेक्टर 37 स्थित बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पर देखने को मिलेगा। यहां से यात्री नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन पर भी सफर कर सकेंगे।
- फिलहाल, बॉटनिकल गार्डन दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन का महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन है। एक्वा लाइन के विस्तार के बाद यह नोएडा और दिल्ली के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी का एक बड़ा केंद्र बन जाएगा।
- इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को मेट्रो बदलने और अलग-अलग रूट तक पहुंचने में ज्यादा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
- खासकर सेक्टर-142 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास काम करने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सकता है।
बोड़ाकी में रेलवे और बस सेवाओं से भी मिलेगी कनेक्टिविटी
- डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो विस्तार का उद्देश्य केवल ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को मेट्रो सुविधा देना नहीं है। बल्कि भविष्य में यहां विकसित होने वाले मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब को भी बेहतर कनेक्टिविटी देना है।
- बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के जरिए रेलवे स्टेशन, इंटरस्टेट बस टर्मिनल और स्थानीय बस सर्विस को एक जगह जोड़ने की योजना है।
- मेट्रो कॉरिडोर तैयार होने के बाद यात्रियों को मेट्रो से उतरकर रेलवे और बस सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए लंबी दूरी की यात्रा भी सुविधाजनक हो सकती है।
तीन साल में पूरा होगा निर्माण कार्य
- L&T को इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 36 महीने यानी तीन साल का समय दिया गया है। कंपनी के सामने तय समयसीमा में एलिवेटेड कॉरिडोर और सभी 10 स्टेशनों का निर्माण पूरा करने की चुनौती होगी।
- परियोजना में स्टेशनों की डिजाइन और आर्किटेक्चरल फिनिशिंग का काम भी शामिल है। निर्माण पूरा होने के बाद NMRC के नेटवर्क का विस्तार होगा। यात्रियों को मौजूदा मेट्रो सेवाओं के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
फरवरी में केंद्र सरकार ने दी थी एक्वा लाइन विस्तार को मंजूरी
- एक्वा लाइन के विस्तार की योजना पहले से चल रही थी। फरवरी 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को मंजूरी दी थी। इस हिस्से पर आठ एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं।
- सरकार के मुताबिक, इस विस्तार से नोएडा के कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक, औद्योगिक और शैक्षणिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
- इनमें सेक्टर-93, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 और सेक्टर-142 के आसपास के इलाके शामिल हैं।इस परियोजना के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का कुल एक्टिव मेट्रो नेटवर्क 61.62 किलोमीटर तक पहुंचने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें- IMD Alert: 13 नवंबर को ‘बंगाल की खाड़ी’ में हलचल, इन राज्यों में मूसलाधार बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को क्या होंगे फायदे?
एक्वा लाइन के विस्तार से रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को कई तरह के फायदे मिलने की उम्मीद है:-
- दिल्ली तक बेहतर कनेक्टिविटी: बॉटनिकल गार्डन पर ब्लू और मैजेंटा लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
- सेक्टर-142 के लोगों को राहत: नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास रहने और काम करने वाले यात्रियों को मेट्रो का बेहतर विकल्प मिलेगा।
- ग्रेटर नोएडा को फायदा: डिपो से बोड़ाकी तक विस्तार होने से नए इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा।
- रेलवे और बस सेवाओं से जुड़ाव: बोड़ाकी मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंच आसान होगी।
- सड़क ट्रैफिक पर दबाव कम होने की उम्मीद: ज्यादा लोगों के मेट्रो का इस्तेमाल करने से निजी वाहनों पर निर्भरता घट सकती है।

