Ayushman Bharat: केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसका मकसद इलाज से जुड़े काम को आसान और तेज बनाना है। इसके तहत बीमा क्लेम की जांच और भुगतान में ऑटोमेशन बढ़ाया जाएगा। फर्जी क्लेम पकड़ने के लिए AI की मदद ली जाएगी। मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड भी डिजिटल किए जाएंगे।
इस बदलाव का असर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) में देखने को मिल सकता है। बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) के CEO डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल ने बताया कि टेक्नोलॉजी और AI से योजना को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे सरकारी खर्च का बेहतर इस्तेमाल होगा और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
बीमा क्लेम का निपटारा होगा तेज
सरकार बीमा क्लेम की जांच और भुगतान की प्रक्रिया को ऑटोमेट करना चाहती है। इसके लिए ऑटो-एडजुडिकेशन का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। इससे क्लेम निपटाने में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं। वहीं, नेशनल एंटी-फ्रॉड यूनिट (NAFU) फर्जी क्लेम की पहचान और निगरानी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
डॉक्टरों का काम आसान करेगा AI
AI की मदद से डॉक्टरों का कागजी काम भी कम किया जाएगा। हाल ही में NHA ने एक AI वॉयस स्क्राइब का प्रदर्शन किया। यह डॉक्टर और मरीज के बीच बातचीत को सुनकर मेडिकल रिकॉर्ड तैयार कर सकता है। खास बात यह है कि यह कई भारतीय भाषाओं में काम कर सकता है। डॉक्टर रिकॉर्ड की जांच और मंजूरी देने के बाद इसे मरीज के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) से जोड़ सकेंगे।
अस्पतालों का डेटा होगा आपस में कनेक्ट
सरकार अस्पतालों के सूचना सिस्टम को नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX) से जोड़ना चाहती है। इससे अस्पतालों और बीमा से जुड़ी संस्थाओं के बीच जानकारी का आदान-प्रदान आसान होगा। साथ ही, AI मॉडल की जांच के लिए भारतीय डेटा पर आधारित BODH प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भी बढ़ाया जाएगा।
सरकार का जोर अब सिर्फ इलाज का खर्च उठाने पर नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर है। इसके लिए राज्यों को भी AI और डेटा एनालिटिक्स की अलग टीमें बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
आयुष्मान भारत योजना क्या है?
आयुष्मान भारत केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना है। इसके तहत पात्र गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने के लिए हर साल प्रति परिवार ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है।
इसे आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) भी कहते हैं। इस योजना में सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में तय बीमारियों और इलाज के लिए कैशलेस सुविधा मिलती है। इसका मकसद आर्थिक तंगी की वजह से किसी परिवार का इलाज न रुकने देना है।

