Stocks to Watch: शेयर बाजार में बुधवार, 11 नवंबर को कई कंपनियों के शेयर खबरों के चलते फोकस में रहेंगे। इनमें तिमाही नतीजों से जुड़ी कंपनियां भी हैं। वहीं, कुछ कंपनियों ने डिविडेंड और बायबैक की जानकारी दी है। आइए जानते हैं किन शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।
Crude Oil Related Stock
क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। इससे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों HPCL, BPCL और IOC को लागत और अंडररिकवरी के मोर्चे पर राहत मिल सकती है। वहीं, MRPL, Chennai Petroleum और Reliance Industries जैसी रिफाइनरी कंपनियों को सस्ता कच्चा माल मिलने का फायदा हो सकता है। एविएशन, पेंट, टायर और प्लास्टिक इंडस्ट्रीज के शेयरों पर भी नजर रहेगी।
Bank of Baroda
सरकारी बैंक Bank of Baroda ने MCLR की चार अवधियों की ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। एक महीने की MCLR 5 बेसिस पॉइंट बढ़कर 8% हो गई है। वहीं, तीन और छह महीने की दरें 20-20 बेसिस पॉइंट बढ़कर क्रमशः 8.50% और 8.70% हो गई हैं।
Jyothy Labs
उजाला और एक्सो जैसे ब्रांड की मालिक Jyothy Labs ने शेयर बायबैक की कीमत 11.6% बढ़ाकर ₹240 प्रति शेयर कर दी है। पहले यह कीमत ₹215 थी। हालांकि, कंपनी अब 61.25 लाख शेयरों का बायबैक करेगी, जबकि पहले 68.37 लाख शेयर खरीदने की योजना थी। यह कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर पूंजी का 1.67% है।
Olectra Greentech
इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली कंपनी Olectra Greentech का दूसरी तिमाही में प्रदर्शन मिला-जुला रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 6.8% बढ़कर ₹52.93 करोड़ हो गया। रेवेन्यू 4.6% बढ़कर ₹687 करोड़ रहा। हालांकि, EBITDA मार्जिन घटकर 13.4% रह गया, जो पिछले साल 13.6% था।
MRF
टायर कंपनी MRF का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट 13% गिरकर ₹417 करोड़ रह गया। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 17.4% बढ़ा है। इसके अलावा, कंपनी के बोर्ड ने ₹3 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है।
BHEL
सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी BHEL को ₹207.26 करोड़ के टैक्स मामले में राहत मिली है। कंपनी ने बताया कि तेलंगाना कमर्शियल टैक्स विभाग ने वित्त वर्ष 2022-23 से जुड़ा डिमांड ऑर्डर वापस ले लिया है।
Whirlpool
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनी Whirlpool का दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 39% गिरकर ₹25 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹41 करोड़ का मुनाफा कमाया था। हालांकि, रेवेन्यू 13.7% बढ़कर ₹1,873 करोड़ रहा। EBITDA भी 31% गिरकर ₹40 करोड़ रह गया और मार्जिन 3.5% से घटकर 2.13% पर आ गया।
Cochin Shipyard
सरकारी शिपबिल्डिंग कंपनी Cochin Shipyard का Q2 FY27 में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट करीब 50% गिर गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12% बढ़ा है। कंपनी ने निवेशकों के लिए ₹3 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
Ashoka Buildcon
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी Ashoka Buildcon को NHAI से ₹865.90 करोड़ के प्रोजेक्ट का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस मिला है। इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी को 8 लेन का एक्सप्रेसवे बनाना है। निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करना होगा।
eMudhra
डिजिटल सिग्नेचर और साइबर सिक्योरिटी सेक्टर की कंपनी eMudhra ने FY27 के लिए अपनी रेवेन्यू और मुनाफे की गाइडेंस घटा दी है। अब कंपनी को करीब ₹800 करोड़ का रेवेन्यू और ₹125 करोड़ का नेट प्रॉफिट होने की उम्मीद है। कंपनी ने TLS सर्टिफिकेट से जुड़ी घटना के बाद यह फैसला लिया है।
Vishnu Chemicals
केमिकल कंपनी Vishnu Chemicals ने फ्रांस की DCX Chrome SAS के साथ 50:50 जॉइंट वेंचर किया है। इसके तहत भारत में हाई-प्योरिटी क्रोमियम मेटल बनाने की फैसिलिटी स्थापित की जाएगी। इसका इस्तेमाल एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में होगा। दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 7% बढ़कर ₹429.5 करोड़ और नेट प्रॉफिट 8.1% बढ़कर ₹35.5 करोड़ रहा।
GPT Infraprojects
इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे सेक्टर की कंपनी GPT Infraprojects को नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के ₹103.58 करोड़ के ऑर्डर में L-1 घोषित किया गया है। इस प्रोजेक्ट में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम का डिजाइन, इंस्टॉलेशन और कमीशनिंग शामिल है।
EPACK Prefab
प्रीफैब कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी EPACK Prefab के CFO राहुल अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 9 नवंबर को शेयर 3% बढ़कर ₹202 पर बंद हुआ था।
HLE Glascoat
इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट बनाने वाली कंपनी HLE Glascoat की सब्सिडियरी Kinam Engineering को बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी को नॉर्थ अमेरिका की एक एनर्जी स्टोरेज कंपनी से हीट एक्सचेंजर बनाने का ऑर्डर मिला है। इसकी कीमत 4.2 से 4.8 करोड़ डॉलर (करीब ₹392 से ₹448 करोड़) है। यह एक एक्सपोर्ट ऑर्डर है।
Gokaldas Exports
गारमेंट एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी Gokaldas Exports की एक सहयोगी कंपनी को झटका लग सकता है। उसकी सहयोगी कंपनी Atraco का अमेरिकी ग्राहक The Children’s Place दिवालियापन से बचने के लिए वहां की अदालत में पहुंचा है। इस ग्राहक पर Atraco का 4.11 मिलियन डॉलर (करीब 36 करोड़ रुपये) बकाया है। Gokaldas Exports इस मामले से अपने कारोबार और कमाई पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रही है।
SEBI का धांसू प्रस्ताव, बदल जाएगा प्री-मार्केट में शेयरों की खरीदारी-बिक्री का सिस्टम
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

