Stock Split: 5 छोटे टुकड़ों में टूटेगा Interarch Building Solutions का शेयर, रिकॉर्ड डेट 30 नवंबर

इंटरआर्च बिल्डिंग सॉल्यूशंस अपना स्टॉक ​स्प्लिट करने वाली है। इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में टूट जाएगा। रिकॉर्ड डेट 30 नवंबर 2026 है। इस कॉरपोरेट एक्शन की घोषणा अगस्त महीने में हुई थी। कंपनी का पुराना नाम इंटरआर्च बिल्डिंग प्रोडक्टस लिमिटेड था। इसके शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 1549.75 रुपये है।

स्टॉक स्प्लिट में एक कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे टुकड़ों में तोड़ देती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है लेकिन उसी अनुपात में प्रति शेयर कीमत घट जाती है। निवेशकों के निवेश की कुल वैल्यू नहीं बदलती।

इस कदम का मकसद शेयरों को किफायती बनाना होता है। बहुत ज्यादा कीमत वाले शेयर छोटे निवेशकों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं। स्प्लिट के बाद शेयर सस्ते हो जाते हैं, जिससे अधिक नए निवेशक जुड़ने की संभावना रहती है।

Interarch Building Solutions का शेयर 6 महीनों में 26 प्रतिशत कमजोर

इंटरआर्च बिल्डिंग सॉल्यूशंस के शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 2,756.35 रुपये और एडजस्टेड लो 1,451.50 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 2600 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 59.27 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 16 प्रतिशत, 6 महीनों में 26 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक 32 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 600.29 करोड़ रुपये का था।

Bonorizon Consumer Ventures में 51% हिस्सेदारी खरीदेगी पैराशूट ऑयल वाली Marico, ₹35 करोड़ की रहेगी डील

कंपनी की वित्तीय सेहत

कंपनी का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 2.9 प्रतिशत बढ़कर 505.4 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 491.1 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा करीब 5 प्रतिशत घटकर 30.7 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 32.3 करोड़ रुपये था। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) फ्लैट रहकर 41.7 करोड़ रुपये रही। EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 23 बेसिस पॉइंट्स कम होकर 8.3 प्रतिशत रहा।

अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 10.7 प्रतिशत बढ़कर 965 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। शुद्ध मुनाफा लगभग 3 प्रतिशत घटकर 58.9 करोड़ रुपये रहा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।