Iran-US Tensions Update: अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा ईरान के संदिग्ध ठिकानों पर नई एयरस्ट्राइक करने की धमकी के बीच एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ सामने आया है। ईरान ने घोषणा की है कि अगर अमेरिका उसकी शर्तें मान लेता है, तो वह महज 48 घंटों के भीतर दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग ‘होर्मुज की खाड़ी’ को जहाजों की आवाजाही के लिए फिर से खोल सकता है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने सोमवार को कहा कि पहले प्रस्तावित 7-दिन की समयसीमा को घटाकर 2-दिन करना तेहरान की ‘सद्भावना’ को दर्शाता है। वैसे उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सब कुछ वाशिंगटन के फैसले पर निर्भर करता है।
होर्मुज खोलने के बदले ईरान ने रखीं ये 4 मुख्य शर्तें
कतरी मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक पहुंचाए गए प्रस्ताव के तहत ईरान ने जलडमरूमध्य खोलने और बातचीत की मेज पर लौटने के लिए ये 4 सख्त शर्तें रखी हैं:
1. मध्य पूर्व में युद्ध विराम: मिडिल ईस्ट के सभी मोर्चों पर चल रही जंग और सैन्य कार्रवाइयों को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
2. फ्रीज एसेट्स की बहाली: विदेशों में फ्रीज किए गए ईरान के सभी वित्तीय एसेट्स और फंड्स को तुरंत जारी किया जाए।
3. ऑयल सेक्टर पर बैन खत्म: ईरान के तेल क्षेत्र पर अमेरिका द्वारा लगाए गए सभी कड़े आर्थिक प्रतिबंध हटाए जाएं।
4. अमेरिकी नेवल नाकेबंदी का खात्मा: ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना द्वारा लगाई गई नेवल नाकेबंदी को पूरी तरह हटाया जाए।
इसके अलावा ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में मांग की कि अमेरिका हाल के महीनों में लगाए गए नए प्रतिबंधों को वापस ले, क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी कम करे और ओमान के साथ नए ट्रांजिट समझौते को स्वीकार करे।
ट्रंप की ‘पिकैक्स माउंटेन’ पर स्ट्राइक की धमकी और ईरान की पलटवार की चेतावनी
यह कूटनीतिक हलचल ऐसे समय में सामने आई है जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ‘पिकैक्स माउंटेन’ समेत एक-दो संदिग्ध ठिकानों पर फिर से हमला करने की बात कही है। अमेरिका को शक है कि पिकैक्स माउंटेन का इस्तेमाल ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए कर रहा है।
ट्रंप की इस धमकी पर तेहरान ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दोटूक कहा, ‘ईरान पर किया गया कोई भी हमला या सैन्य कार्रवाई तुरंत, शक्तिशाली और व्यापक पलटवार का कारण बनेगी’।
होर्मुज की खाड़ी का बंद होना क्यों है पूरी दुनिया के लिए खतरा?
होर्मुज की खाड़ी दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण ‘ऑयल शिपिंग रूट’ है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। फरवरी में मिडिल ईस्ट जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने इस पर नियंत्रण स्थापित कर रखा है। अगर यह मार्ग बंद रहता है, तो वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति ठप्प हो जाएगी और दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छूने लगेंगी।

