
Chief Minister Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज समस्त प्रदेशवासियों को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अहंकार पर विनम्रता की विजय का प्रतीक है। यह हमें सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि हम सत्य और धर्म का साथ न छोड़ें, तो विजय अवश्य प्राप्त होती है। आज देहरादून और मसूरी में रावण दहन के आयोजन होंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, समस्त प्रदेशवासियों को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अहंकार पर विनम्रता की विजय का प्रतीक है। यह हमें सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी यदि हम सत्य और धर्म का साथ न छोड़ें, तो विजय अवश्य प्राप्त होती है। आइए, इस अवसर पर हम अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संकल्प लें।
#Vijayadashami
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 20, 2026
उत्तराखंड में दशहरा (विजयादशमी) का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में धूमधाम, सांस्कृतिक आयोजनों और भव्य रावण दहन के साथ मनाया जाता है। राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी की ओर से भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
विजयादशमी पर देहरादून और मसूरी में रावण दहन के आयोजन होंगे। परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है, जबकि मसूरी और कांवली में भी रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस ने 11 स्थानों पर बैरियर लगाने के साथ ही सामान्य और वीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग निर्धारित की है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने और संभव हो तो दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की है।


