प्रेयर के दौरान हुआ खौफनाक हादसा: लाइव स्ट्रीमिंग के बीच पादरी के सिर पर गिरा भारी क्रूस, मौके पर मौत

प्रेयर के दौरान हुआ खौफनाक हादसा: लाइव स्ट्रीमिंग के बीच पादरी के सिर पर गिरा भारी क्रूस, मौके पर मौत

ecuador church

दक्षिण-पश्चिमी इक्वाडोर से एक बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक चर्च में शाम की प्रार्थना करा रहे रोमन कैथोलिक पादरी पैट्रिसियो सांचेज (Patricio Sanchez) की उस समय मौत हो गई, जब उनके ठीक पीछे दीवार पर लगा भारी-भरकम क्रूस (ईसा मसीह की सूली) अचानक उखड़कर उनके सिर पर आ गिरा।

 

लाइव प्रसारण के दौरान हुआ हादसा

यह दुर्घटना राजधानी क्विटो से करीब 265 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित तटीय शहर ग्वायाकिल के ‘परपेतुओ सोकोरो चर्च’ में शनिवार शाम को हुई। पादरी पैट्रिसियो सांचेज जब प्रार्थना करा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पादरी के पीछे दीवार पर टंगा भारी क्रूस अचानक नीचे आ गिरा और सीधे उनके सिर पर जा लगा। वीडियो देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि पादरी को क्रूस के गिरने का ज़रा भी आभास हुआ था या उन्हें वह गिरता हुआ दिखाई दिया था।

 

मृत्यु की बात कर रहे थे पादरी

हैरानी की बात यह है कि हादसे से ठीक पहले पादरी मृत्यु और ईश्वर के साथ बिताए समय के महत्व पर उपदेश दे रहे थे। क्रॉस गिरते ही चर्च में मौजूद लोग घबरा गए और उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। चर्च प्रशासन ने उनकी मौत की पुष्टि की है, हालांकि क्रॉस गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

चर्च में मची चीख-पुकार

घटना के तुरंत बाद इंटरनेट मीडिया पर लाइव चल रहे वीडियो में चर्च में मौजूद श्रद्धालुओं की चीख-पुकार और मदद के लिए चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने लगीं। स्थानीय अधिकारियों ने फिलहाल इस दुर्घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

 

मृतक पादरी पैट्रिसियो सांचेज ‘मोस्ट होली रिडीमर’ धर्मसभा से जुड़े हुए थे। आपको बता दें कि यह रोमन कैथोलिक धार्मिक संघ साल 1732 में स्थापित हुआ था और वर्तमान में दुनिया के 80 देशों में सक्रिय है। इस अप्रत्याशित हादसे से धार्मिक समुदाय और उनके अनुयायियों में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है।