टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: अभिनेता के घर पहुंचे एकनाथ शिंदे, बोले- ’90 के दशक जैसा गैंगवार बर्दाश्त नहीं’

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: अभिनेता के घर पहुंचे एकनाथ शिंदे, बोले- '90 के दशक जैसा गैंगवार बर्दाश्त नहीं'

tiger shroff and eknath shinde

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ रविवार को मुंबई में एक भीषण गोलीबारी की घटना में बाल-बाल बच गए। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसके बाद से महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कटघरे में खड़ा कर दिया है। इस बीच उपमुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्राफ से मुलाकात की और उनका हाल जाना। ALSO READ: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, घटना का वाडियो आया सामने, मामले की जांच में जुटी पुलिस

 

टाइगर और उनकी मां सदमें में

घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ के आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि यह एक बेहद गंभीर और निंदनीय घटना है। हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं, गनीमत रही कि टाइगर सुरक्षित हैं, हालांकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक को चोटें आई हैं। उन्होंने आगे बताया कि अभिनेता के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़े लगने से मामूली चोट आई है और इस घटना से टाइगर श्रॉफ व उनकी मां दोनों गहरे सदमे में हैं।

 

’90 के दशक का गैंगवार नहीं लौटने देंगे’

कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक हस्तियों को मिलने वाली धमकियों से सख्ती से निपटेगी। उन्होंने कहा, “90 के दशक में इस तरह की गैंगवार आम बात थी, जिसे मुंबई पुलिस ने 1995 में खत्म कर दिया था। लोगों को डराने-धमकाने के ऐसे नापाक प्रयासों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम इस गुंडागर्दी का पूरी तरह अंत करेंगे।”

 

विपक्ष के निशाने पर सरकार

रविवार को हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद से महाराष्ट्र सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए कई टीमों का गठन कर दिया है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।

 

सलमान के घर की सुरक्षा सख्‍त

पुलिस ने टाइगर श्राफ के साथ ही सलमान खान के घर की सुरक्षा भी सख्‍त कर दी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान को भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुकी है।