हमारे ब्रेस्ट खींचे गए, कपड़े फाड़ दिए गए, प्रदर्शनकारी लड़कियों ने राहुल गांधी को बताया अपना दर्द

हमारे ब्रेस्ट खींचे गए, कपड़े फाड़ दिए गए, प्रदर्शनकारी लड़कियों ने राहुल गांधी को बताया अपना दर्द

Delhi Police Brutality Allegations: हमारे ब्रेस्ट खींचे गए… हमारे कपड़े फाड़ दिए, गंदी-गंदी गालियां दी गईं… हमें कपड़े ठीक करने तक का टाइम नहीं दिया गया… मेरा पैर मोड़ दिया गया, इसके बाद से पैर में फ्रेक्चर है… ऐे‍सी ही कई बातें हैं जो प्रदर्शनकारी लड़कियों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बातचीत के दौरान साझा कीं। इस बातचीत का पूरा वीडियो कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है। 

 

लड़कियों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वाली छात्राओं-महिलाओं के साथ क्रूरता की गई। ये आवाज दबाने की साजिश है। क्योंकि मोदी-शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उस दिन उनकी मनमानी की कहानी खत्म हो जाएगी। इनका लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। 

कपड़े संभालने तक का मौका नहीं दिया

राहुल गांधी के साथ बातचीत में लड़कियों ने एक के बाद एक प्रदर्शन के अपने बुरे अनुभव साझा करते हुए अपनी पीड़ा बताई। एक लड़की ने कहा कि हमारे साथ बर्बरता की गई। हमारे ब्रेस्ट खींचे गए। हमें अपने कपड़े संभालने तक का मौका नहीं दिया गया। उसी हालत में पुलिस ने खींचा। राहुल गांधी के सवाल करने पर लड़कियों ने कहा कि यह हरकत हमारे साथ मर्दों ने की। लड़की ने कहा कि वे मौके की तलाश में थे कि लड़कियों को कैसा छेड़ा जाए।

मेरा पैर मोड़ दिया, हमें घसीटा गया

एक अन्य लड़की ने कहा कि मेरा पैर बुरी तरह मोड़ दिया गया। इससे पांव में सूजन आ गई। बाद में पता चला कि फ्रेक्चर है। लड़कियों ने कहा कि छेड़छाड़ आम बात हो गई है। प्राइवेट पार्ट में डंडा मारने जैसी घटनाएं भी हुई हैं। दरअसल, पुलिस का कहना था कि इनके साथ ऐसी हरकतें करें कि ये शर्म के मारे यहां से चली जाएं। 

 

एक अन्य लड़की ने कहा कि महिला पुलिस द्वारा भी हमें मर्दों के सामने गालियां दीं। हमें नोंचा गया, घसीटा गया। हमारे शरीर पर उसके निशान पड़ गए। …और कितने सबूत दिखाएं। हालांकि वे अब इस तरह से काम कर रहे हैं कि कुछ दिखाई नहीं दे। 

क्या कहा राहुल गांधी ने?

राहुल गांधी ने लड़कियों से सवाल किया कि आपको पता है यह सब क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने बर्बरता की सभी हदें पार कर दी हैं। दरअसल, दो-तीन क्रिमिनल सत्ता में बैठे हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नाम का सीधे उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये लोग जानते हैं कि जिस दिन ये सत्ता से गए इनकी कहानी खत्म हो जाएगी। इन्हें अपने फ्यूचर को प्रोटेक्ट करना है। इसलिए ये लोग पैनिक कर रहे हैं। पुलिस वालों को भी डरा रहे हैं। शाह और मोदी का यही डर पुलिस में ट्रांसफर हो रहा है।